LOADING...
दोगुना हो जाएगा होली खेलने का मजा, अगर बनाकर खाएंगे ये 5 तरह की चाट
होली पर बनाएं ये 5 तरह की चाट

दोगुना हो जाएगा होली खेलने का मजा, अगर बनाकर खाएंगे ये 5 तरह की चाट

लेखन सयाली
Feb 27, 2026
07:20 pm

क्या है खबर?

4 मार्च को पूरा देश हर्षों-उल्लास के साथ होली यानि रंगों का त्योहार मनाएगा। इस पर्व का सबसे खास आकर्षण होता है रंग खेलना। हालांकि, उसके दौरान पेट पूजा करना भी अहम होता है। होली खेलने का असली मजा तभी आता है, जब साथ में कई बेहतरीन पकवान हों। अगर आप होली के दिन कुछ खास बनाना चाहते हैं तो ये 5 तरह की चाट सही चुनाव हो सकती हैं।

#1

भेल पूरी

भेल पूरी मुंबई की मशहूर स्ट्रीट फूड है, जिसे आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए पहले मुरमुरा को थोड़े से तेल में भून लें, ताकि वह कुरकुरा हो जाएं। अब इसमें बारीक कटे हुए प्याज, टमाटर, हरी मिर्च और धनिया डालें। इसके बाद इसमें पत्तागोभी, मूंगफली, सेव और सूखे मेवे मिलाएं। अंत में हरी चटनी, इमली की चटनी और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं। यह चाट कुरकुरी और स्वादिष्ट होती है।

#2

पालक पत्ता चाट

पालक पत्ता चाट एक अनोखा और सेहतमंद नाश्ता है, जिसे आप आसानी से बना सकते हैं। इसके लिए पहले पालक पत्ता को बाजार से खरीद लें या घर पर बनाकर रख लें। अब इन पर चने की दाल, बारीक कटे हुए प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, धनिया, दही, हरी चटनी और इमली की चटनी डालें। ऊपर से भुना जीरा और चाट मसाला छिड़कें। इस व्यंजन को आप घर आए मेहमानों को खिलाकर उनकी तारीफें बटोर सकते हैं।

Advertisement

#3

पिज्जा पापड़ी चाट

पिज्जा पापड़ी चाट एक बेहतरीन नाश्ता है, जिसे आप होली खेलते समय या शाम को मजे से खा सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले पापड़ियों को कुरकुरा तल लें, फिर उन पर टोमैटो सॉस और अपने पसंदीदा टॉपिंग्स जैसे प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, मोजरेला चीज़ के साथ ओरिगैनो डालें। इसके बाद इसे ओवन में सेंकें, ताकि चीज पिघल जाए। इस चाट को गर्मा-गर्म परोसें और इसका जी भर के मजा लें।

Advertisement

#4

टमाटर की चाट

टमाटर की चाट बनाने के लिए सबसे पहले टमाटर को हल्का मीसकर पेस्ट बना लें। इसके बाद इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, हरी मिर्च और धनिया पत्ती मिलाएं। अब इसमें नींबू का रस, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आप चाहें तो इसमें सेव या नमकीन भी मिला सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा। यह चाट खास तौर से बनारस में बहुत मशहूर है।

#5

दही भल्ला

इसे बनाने के लिए सबसे पहले उड़द की दाल को रातभर पानी में भिगोकर छोड़ दें। अगली सुबह उसमें अदरक, हरी मिर्च, हींग और नमक मिलाकर बारीक पीस लें। इसके बाद इस मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा करके कढ़ाई में तलें। अब सारे भल्लों को पानी में डालें, फिर इन्हें निचोड़कर एक बड़े कटोरे में रख दें। आखिर में सभी भल्लों के ऊपर दही, हरी चटनी, इमली की चटनी, चाट मसाला और लाल मिर्च डालकर परोसें।

Advertisement