होली का जश्न हो जाएगा और भी मजेदार, अगर रंग खेलते-खेलते खाएंगे पनीर के ये पकवान
क्या है खबर?
इस साल रंगों का त्योहार होली 4 मार्च को है। इस खास मौके पर तरह-तरह के व्यंजन बनाए जाते हैं, जिनमें से ज्यादातर पनीर के होते हैं। हालांकि, अगर आप अपने मेहमानों को कुछ नया परोसना चाहते हैं तो पनीर को हमेशा की तरह न बनाएं। इस बार होली पार्टी के मेन्यू में पनीर के इन मसालेदार पकवानों को शामिल करें। इन सभी की रेसिपी तो आसान है ही, साथ ही इन्हें चखने के बाद मेहमान उंगलियां चाटते रह जाएंगे।
#1
मसाला पनीर टिक्का
मसाला पनीर टिक्का बनाने के लिए पहले एक कटोरे में दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और नींबू का रस मिलाएं। अब इसमें पनीर के टुकड़े डालकर इन्हें 2-3 घंटे के लिए मैरिनेट होने के लिए रख दें। इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करके उसमें पनीर के टुकड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। इसके बाद गर्मा-गर्म पनीर टिक्का को हरी चटनी के साथ परोसें।
#2
पनीर बोंदिया
इस व्यंजन के लिए सबसे पहले एक कटोरे में मैदा, नमक, लाल मिर्च पाउडर, पनीर और अजवाइन मिलाएं। इसके बाद इसमें थोड़ा पानी डालकर पतला घोल तैयार करें। अब इस घोल को चम्मच की मदद से गर्म तेल में डालें और सुनहरा भूरा होने तक तलें। इसके बाद गर्मा-गर्म बोंदिया को एक प्लेट में निकालें, फिर इन्हें गर्मा-गर्म मसाला चाय के साथ परोसें। यह एक बहुत ही स्वादिष्ट व्यंजन है, जो नाश्ते की तरह परोसा जा सकता है।
#3
पालक पनीर चाट
सबसे पहले पालक को उबालकर उसका पानी निकाल दें, फिर पालक को एक ब्लेंडर में डालकर पीसें। अब एक कटोरे में पीसी हुई पालक के साथ मैदा, नमक, लाल मिर्च पाउडर, अजवाइन और थोड़ा पानी मिलाकर नरम आटा गूंथ लें। इसके बाद आटे की छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें बेलें और उनमें पनीर भर दें। इसके बाद इन्हें गर्म तेल में सुनहरा भूरा होने तक तलें। आप इन्हें चटनी और सेव के साथ खा सकते हैं।
#4
पनीर टिक्का काठी रोल
इसके लिए एक कटोरे में दही, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और नींबू का रस मिलाएं। इसके बाद इसमें पनीर के टुकड़े डालकर इन्हें 2-3 घंटे के लिए मैरिनेट होने के लिए रख दें। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करके उसमें पनीर के टुकड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। इसके बाद पराठे पर हरी चटनी, चीज और प्याज फैलाएं और पनीर रख दें। इसका रोल बनाकर मेहमानों को खिलाएं।
#5
पनीर की पत्ते वाली चाट
इसके लिए सबसे पहले एक कटोरे में उबले हुए आलू मैश कर लें। अब इसमें कटा हुआ पनीर, नमक, लाल मिर्च पाउडर और नींबू का रस मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को पत्ते पर फैलाएं और ऊपर से तीखी हरी चटनी और मीठी इमली की चटनी डाल दें। अगर आपके पास पत्ते नहीं हैं तो आप इस मिश्रण को कटोरी में डालकर भी खा सकते हैं। आप चाहें तो इस पर चाट मसाला, सेव और अनार भी डाल सकते हैं।