वैलेंटाइन डे के दिन अपने पार्टनर को खिलाएं स्ट्रॉबेरी से बनने वाले ये मीठे व्यंजन
क्या है खबर?
प्यार का त्योहार कहलाया जाने वाला वैलेंटाइन डे 14 फरवरी को मनाया जाएगा। इस खास दिन से पहले सभी लोग अपने-अपने पार्टनर को खुश करने के तरीके तलाशते हैं।
हालांकि, उन्हें अपने हाथों से बने स्वादिष्ट मीठे व्यंजन खिलाने से अच्छा और कुछ नहीं हो सकता। अगर ये व्यंजन स्ट्रॉबेरी से बने हों तो मजा दोगुना हो जाता है।
आप वैलेंटाइन डे के दिन अपने पार्टनर को स्ट्रॉबेरी के ये 5 मीठे व्यंजन खिलाएं।
#1
स्ट्रॉबेरी और चॉकलेट टार्ट
स्ट्रॉबेरी और चॉकलेट का टार्ट बनाकर आप अपने पार्टनर को खुश कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले डाइजेस्टिव बिस्किट को पीस लें और उनमें मक्खन मिला दें।
टार्ट ट्रे पर यह मिश्रण फैलाएं और कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें। एक पैन में चॉकलेट, क्रीम, स्ट्रॉबेरी का अर्क और पिसी हुई स्ट्रॉबेरी मिलाकर पका लें।
इस मिश्रण को टार्ट पर डालें और स्ट्रॉबेरी के टुकड़ों से सजाएं। इसे रातभर जमने दें और वैलेंटाइन डे के दिन खाएं।
#2
स्ट्रॉबेरी और चॉकलेट मूस
आप कम सामग्रियों का इस्तेमाल करके स्ट्रॉबेरी चॉकलेट मूस तैयार कर सकते हैं। इसे चखकर आपके पार्टनर आपकी तारीफ करते नहीं थकेंगे।
इसके लिए कांच के गिलास के आधे हिस्से में स्ट्रॉबेरी के टुकड़े भरें। अब स्ट्रॉबेरी जेली के पाउडर में पानी मिलाकर इन गिलास में डाल दें और जमा लें।
एक पैन में दूध, जेलेटिन, कोको पाउडर, चीनी और पानी को मिलाकर गिलास के आधे हिस्से में डालें। इसे थोड़ी देर जमने दें और ठंडा होने के बाद खाएं।
#3
स्ट्रॉबेरी कुकी
आप अपने प्यार का इजहार करने के लिए दिल के आकार वाली स्ट्रॉबेरी कुकी बना सकते हैं। इनकी रेसिपी की शुरुआत करने के लिए सबसे पहले स्ट्रॉबेरी को छोटे टुकड़ों में काटें।
इन टुकड़ों को एक कटोरे में निकालकर मीस लें और इनमें तेल और गुड़ का पाउडर मिला दें। एक कटोरे में मैदा, ओट्स का आटा, बेकिंग पाउडर, नमक और दालचीनी पाउडर मिलाएं।
इसमें स्ट्रॉबेरी वाला मिश्रण डालकर बेलें और दिल के आकार की कुकी काटकर बेक करें।
#4
चॉकलेट और स्ट्रॉबेरी
लंदन में एक मीठा व्यंजन बेहद मशहूर है, जिसे चॉकलेट स्ट्रॉबेरी कहा जाता है। यह व्यंजन बेहद आसानी से बन जाता है और यह आपके रिश्ते की मिठास को भी बढ़ा देगा।
इसके लिए अपनी पसंद की किसी भी चॉकलेट को पिघला लें। अब एक गिलास में ताजी मीठी स्ट्रॉबेरी को भरें और उन पर पिघली हुई चॉकलेट डाल दें।
आप चाहें तो स्ट्रॉबेरी पर वाइट चॉकलेट भी डाल सकते हैं।
#5
स्ट्रॉबेरी मिल्कशेक
अगर आप अपने पार्टनर के लिए कोई मीठा पेय बनाना चाहते हैं तो स्ट्रॉबेरी मिल्कशेक बढ़िया रहेगा। इसे बनाने के लिए सबसे पहले स्ट्रॉबेरी को छोटे टुकड़ों में काट लें और चीनी डालकर मिक्सी में पीस लें।
अब इसमें दूध शामिल करें और दोबारा पीस लें। इसे अधिक स्वादिष्ट बनाने के लिए इसमें वेनिला या स्ट्रॉबेरी आइस क्रीम भी शामिल करें।
इस पेय को कांच के गिलास में परोसें और आनंद लेकर पीएं।