गर्मियों के दौरान त्वचा हो जाती है ज्यादा तैलीय? जानिए इस समस्या के 5 संभावित कारण
क्या है खबर?
गर्मियों में बढ़ते तापमान के कारण त्वचा पर पसीना आने के साथ-साथ अतिरिक्त तेल का उत्पादन भी बढ़ता है। इसकी वजह से त्वचा तैलीय और चिपचिपी लगने लगती है और उसका निखार खो जाता है। इस समस्या के पीछे कई कारण हो सकते हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे संभावित कारण बताते हैं, जो गर्मियों में त्वचा पर तैलीय प्रभाव डालने के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। इन्हें जानने के बाद आप त्वचा की देखभाल पर ध्यान दे पाएंगे।
#1
ज्यादा पसीना आना
गर्मी और उच्च नमी के कारण पसीना आने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे त्वचा पर चिपचिपाहट और तेल का उत्पादन भी ज्यादा होता है। इससे निपटने के लिए रोजाना हल्के ठंडे पानी से चेहरे को धोएं और त्वचा को साफ रखें। इसके अलावा पसीने को सोखने वाले फेसवाइप का इस्तेमाल करें, जो तेल को साफ कर देंगे। अगर आपको पसीना ज्यादा आता है तो दिन में 2-3 बार अपने चेहरे को साफ करें।
#2
हार्मोनल बदलाव
गर्मियों के दौरान शरीर में होने वाले बदलाव भी तैलीय त्वचा का कारण हो सकते हैं। गर्मियों में अधिक पसीना आने के कारण शरीर में कुछ हार्मोन का स्तर बदल सकता है। ये बदलाव त्वचा पर तेल उत्पादन को बढ़ा सकते हैं। इस समस्या से बचने के लिए अपनी डाइट में ताजे फल और सब्जियों को शामिल करें। इसके अलावा पानी का सेवन भी बढ़ाएं और तनाव से दूर रहें।
#3
सही त्वचा देखभाल रूटीन न होना
अगर आप अपने त्वचा देखभाल रूटीन को सही तरीके से नहीं अपनाते हैं तो यह भी तैलीय त्वचा का कारण बन सकता है। उदाहरण के लिए, अगर आप त्वचा को अच्छी तरह से साफ नहीं करते हैं तो पसीना, गंदगी और तेल के कारण रोमछिद्र बंद हो सकते हैं। इससे तैलीय त्वचा और मुंहासे हो सकते हैं। इसके लिए रोजाना सुबह और रात को सोने से पहले अपने चेहरे को अच्छी तरह से साफ करें।
#4
गलत त्वचा देखभाल उत्पादों का इस्तेमाल
गलत त्वचा देखभाल उत्पादों का इस्तेमाल भी तैलीय त्वचा का कारण हो सकता है। अगर आप ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल करते हैं, जो आपकी त्वचा के प्रकार के अनुसार न हो तो इससे त्वचा का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ सकता है। इससे त्वचा पर तेल का उत्पादन बढ़ जाता है और वह ज्यादा चिपचिपी हो जाती है। इसलिए, बेहतर होगा कि आप अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार उत्पादों का इस्तेमाल करें।
#5
डाइट भी है जिम्मेदार
अगर आप तैलीय त्वचा की समस्या से परेशान हैं तो इसके लिए आपकी डाइट भी जिम्मेदार हो सकती है। उदाहरण के लिए, अगर आप ज्यादा तैलीय और मसालेदार खाद्य पदार्थों का सेवन करते हैं तो इससे पाचन क्रिया प्रभावित हो सकती है। इसके कारण त्वचा पर तेल का उत्पादन बढ़ सकता है। इसलिए, बेहतर होगा कि आप अपनी डाइट में हरी सब्जियां, फल, ओमेगा-3 फैटी एसिड और पानी जैसी चीजों को शामिल करें।