शाम में समय बर्बाद करने के बजाय कर लें ये 5 उत्पादक काम, होंगे फायदेमंद
क्या है खबर?
अक्सर लोग शाम में खाली होते हैं और उस वक्त को टाइम पास करते हुए बिता देते हैं। हालांकि, दिन के इस समय शरीर और दिमाग सक्रीय होता है और इसका फायदा उठाया जाना चाहिए। शाम में समय बर्बाद करने से अच्छा है कि आप कुछ उत्पादक कर लें। इस दौरान आप ये 5 उत्पादक काम कर सकते हैं, जो जीवन को आसान बनाएंगे। ये काम आपके लिए फायदेमंद साबित होंगे और समय की बर्बादी नहीं होने देंगे।
#1
बचे हुए काम कर लें
शाम को जब आपको ऑफिस के काम से छुट्टी मिल जाए तो घर के कामों को प्राथमिकता दें। इस दौरान अपना कमरा साफ कर लें और उसे अच्छी तरह व्यवस्थित कर लें। इसके अलावा आप उन कामों को भी पूरा कर सकते हैं, जो आप लंबे समय से टाल रहे हैं। इसके साथ ही आप अगले दिन के लिए भी कुछ काम निपटा सकते हैं। इनमें कपड़े प्रेस करना, बैग लगाकर रखना और जूते साफ करना शामिल हो सकता है।
#2
कोई पॉडकास्ट सुनें
शाम को हर कोई चाय पीना पसंद करता है। इस दौरान ज्यादातर लोग टीवी देखते हैं या फिर मोबाइल चलाते रहते हैं। हालांकि, अगर आप इस समय का सदुपयोग करना चाहते हैं तो चाय पीते-पीते कोई पॉडकास्ट सुन लें। आप अपने करियर से जुड़ा, प्रेरित करने वाला या किसी खास विषय पर आधारित पॉडकास्ट सुन सकते हैं। इससे आपको बेहतर व्यक्ति बनने के लिए प्रेरणा मिलेगी और करियर से जुड़े टिप्स भी मिलेंगे।
#3
अपने शौक के लिए समय निकालें
शाम के समय दिमाग सक्रीय रहता है, जिस दौरान आप अपने शौक के लिए समय निकाल सकते हैं। आपको जिस भी चीज में रुचि हो, उससे जुड़े काम करें। अगर आपको नाचना या गाना पसंद है तो शाम को इन कलाओं का अभ्यास करें। इसके अलावा आप इस समय पेंटिंग, चित्रकारी, सिलाई, कढ़ाई या फिर बेकिंग जैसे शौक पर हाथ आजमा सकते हैं। अगर आपको पढ़ने का शौक है तो किताबें पढ़ें या कुछ लिखें।
#4
खाने की तैयारी करें
दिन भर काम करने के बाद रात का खाना बनाना एक बड़ा काम लगने लगता है। हालांकि, शाम के खाली समय में आप मील प्रेप कर सकते हैं, जिससे खाना झटपट बन जाएगा। इस समय सब्जी काट लें, मसाले पीस लें और खाने की अन्य सारी तैयारियां कर लें। रोटी बनाने के लिए आटा गूंधना, सब्जी के लिए पेस्ट बनाना और रायता आदि बनाने जैसी तैयारियां करने के लिए भी यह आदर्श समय होगा।
#5
अगले दिन के लिए कामों की लिस्ट बना लें
शाम को चाय का कप हाथ में लें और एक किताब या प्लानर साथ लेकर बैठ जाएं। इसमें अगले दिन या आने वाले हफ्ते के लिए कामों की लिस्ट बना लें। ऐसा करने से आपका दिन और हफ्ता व्यवस्थित रहेगा और आपको पता होगा कि आपके कौन-कौन से काम बाकी हैं। इसी समय आप उन लक्ष्यों के बारे में भी लिख सकते हैं, जिन्हें आप लंबे समय से पूरा करना चाहते हैं।