शाम के नाश्ते के लिए अच्छे रहेंगे दाल के ये 5 स्नैक्स, जानिए इनकी आसान रेसिपी
क्या है खबर?
शाम के समय चाय के साथ कुछ हल्का और पौष्टिक खाना पसंद किया जाता है। अगर आप रोजाना एक ही तरह का नाश्ता बनाते हैं तो यकीनन आपको बोरियत होने लगी होगी। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे स्नैक्स की रेसिपी बताते हैं, जो दाल से बनाए जाते हैं और ये बहुत लजीज भी होते हैं। ये स्नैक्स स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पौष्टिक भी हैं और इन्हें बनाते समय कम तेल का इस्तेमाल किया जाता है।
#1
दाल के पकोड़े
दाल के पकोड़े बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल और चना दाल को अलग-अलग 6-7 घंटे के लिए पानी में भिगोएं। अब दाल को मिक्सी में अदरक, हरी मिर्च, हरी धनिया और नमक के साथ पीसें। इसके बाद मिश्रण को एक कटोरे में डालकर उसमें प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया और नमक मिलाएं। इस मिश्रण की छोटी-छोटी टिकियां बनाकर इन्हें गर्म तेल में सुनहरा होने तक तल लें। आखिर में इन्हें टमाटर की चटनी के साथ परोसें।
#2
मूंग दाल का चीला
मूंग दाल का चीला बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल को 5-6 घंटे के लिए पानी में भिगोएं, फिर पानी को निकालकर दाल को मिक्सी में पीसें। अब इस मिश्रण में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक और थोड़ा-सा तेल मिलाएं। इसके बाद तवे पर थोड़ा-सा तेल गर्म करके मिश्रण को फैलाएं और इसे दोनों तरफ से सुनहरा होने तक पकाएं। आखिर में इसे हरी चटनी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।
#3
दाल का ढोकला
दाल का ढोकला बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल और चना दाल को 6-7 घंटे के लिए पानी में भिगोएं, फिर मिक्सी में पीसकर नरम पेस्ट बना लें। अब एक कटोरे में दाल का पेस्ट, नमक, अदरक का पेस्ट और खाने का सोडा मिलाकर 10 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद मिश्रण को ढोकला स्टैंड में डालकर भाप में पकाएं, फिर इसे बारीक काटकर ऊपर से तड़का लगाकर इसे हरी चटनी के साथ परोसें।
#4
दाल का वड़ा
दाल का वड़ा बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरे में चना दाल, मूंग दाल और उड़द दाल को अलग-अलग 5-6 घंटे के लिए पानी में भिगोएं। इसके बाद इन्हें मिक्सी में पीसकर मुलायम पेस्ट बना लें। अब इस मिश्रण को एक बड़े कटोरे में अदरक-लहसुन का पेस्ट, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, पिसी लाल मिर्च और जीरा डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। इसके बाद मिश्रण से छोटी-छोटी वड़े बनाकर उन्हें सुनहरा होने तक तल लें।
#5
दाल के बॉल
इसके लिए सबसे पहले चना दाल और मूंग दाल को 6-7 घंटे के लिए पानी में भिगोएं, फिर भीगी हुई दाल को मिक्सी में अदरक के साथ पीस लें। अब इस पेस्ट को एक कटोरे में नमक, बारीक कटी हरी मिर्च, हरा धनिया और पिसे हुए चावल मिलाकर अच्छी तरह से मिलाएं। इसके बाद मिश्रण से छोटे-छोटे बॉल बनाकर उन्हें सुनहरा होने तक तल लें। अंत में इन्हें हरी चटनी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।