आलू के चिप्स सेहत के लिए होते हैं नुकसानदायक, इनकी जगह बनाकर खाएं ये सेहतमंद चिप्स
क्या है खबर?
चिप्स एक ऐसा नाश्ता है, जिसे हर उम्र के लोग पसंद करते हैं। बाजार में कई तरह के चिप्स मिलते हैं, जो ज्यादातर आलू से ही बनाए जाते हैं। हालांकि, आलू में कार्बोहाइड्रेट की ज्यादा मात्रा होती है, जो सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता है। ऐसे में आप चिप्स के सेहतमंद विकल्प के रूप में ये 5 तरह के चिप्स बनाकर खा सकते हैं। इनमें आलू शामिल नहीं होता है और इनकी रेसिपी भी आसान होती है।
#1
अरबी के चिप्स
आलू का एक सेहतमंद विकल्प अरबी हो सकती है, जिसके चिप्स में कैलोरी काफी कम होती हैं। इसके चिप्स बनाने के लिए उन्हें पतले-पतले टुकड़ों में काटें। इसके बाद इन्हें एक बर्तन में डालकर उसमें नमक, काली मिर्च, चाट मसाला और तेल डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इन्हें एक बेकिंग ट्रे पर फैलाकर 180 डिग्री पर 15-20 मिनट तक बेक करें। बीच-बीच में चिप्स को पलटते रहें, ताकि वे समान रूप से पक जाएं।
#2
कच्चे केले के चिप्स
केले के चिप्स बनाना बहुत ही आसान है और ये फायदेमंद भी होते हैं। सबसे पहले कच्चे केले को छीलकर पतले-पतले टुकड़ों में काट लें। अब इन्हें नमक और हल्दी में मिलाकर थोड़ी देर के लिए छोड़ दें। इसके बाद इन्हें गरम तेल में तलें, जब तक ये सुनहरे और कुरकुरे न हो जाएं। कच्चे केले के चिप्स का स्वाद बहुत ही अच्छा होता है और ये दक्षिण भारत में खास तौर से खाए जाते हैं।
#3
शकरकंद के चिप्स
शकरकंद के चिप्स भी आपके खान-पान में पोषण जोड़ सकते हैं। इसके लिए शकरकंद को छीलकर पतले-पतले टुकड़ों में काट लें। इन्हें एक बर्तन में डालें और इनमें नमक, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा-सा तेल मिलाएं। अब इन्हें ओवन में 180 डिग्री पर 20-25 मिनट तक बेक करें। शकरकंद के चिप्स मीठे और कुरकुरे होते हैं, जो हर किसी को पसंद आते हैं। यह बच्चों को शकरकंद खिलाने का अच्छा तरीका होगा।
#4
गाजर के चिप्स
गाजर के चिप्स एक अनोखा और स्वादिष्ट विकल्प हैं, जो हल्के मीठे होते हैं। इसकी रेसिपी की शुरुआत गाजर को छीलकर पतले-पतले टुकड़ों में काटने से होगी। इसके बाद इन टुकड़ों को नमक, काली मिर्च, लाल मिर्च पाउडर और अन्य मसालों से लपेटा जाएगा। अब ओवन या एयर फ्रायर में इन्हें कुछ मिनटों के लिए बेक कर लें। इससे चिप्स कुरकुरे हो जाएंगे और आपके बच्चों को खास तौर से पसंद आएंगे।
#5
चुकंदर के चिप्स
चुकंदर एक सेहतमंद सब्जी है, जिससे आप बेहद पौष्टिक और गुलाबी चिप्स बना सकते हैं। इसके लिए पहले चुकंदर को छील लें और पतले टुकड़ों में काट लें। अब इसमें नमक समेत अपनी पसंद के मसाले लगाकर कुछ देर के लिए रखें। इन्हें ओवन में बेक करें, एयर फ्रायर में पकाएं या फिर किसी सेहतमंद तेल में तल लें। ये चिप्स स्वाद में बेहतरीन होंगे और इसी बहाने घर के सभी लोग चुकंदर खा लेंगे।