गर्मियों में शरीर को ठंडक दे सकते हैं ये 5 खाद्य पदार्थ, डाइट में करें शामिल
क्या है खबर?
गर्मियों में पसीना आने से शरीर का तापमान काफी बढ़ सकता है, जिससे चक्कर, जी मचलना, थकान और पानी की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, कुछ खाद्य पदार्थ शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखने में मदद कर सकते हैं। आइए आज हम आपको ऐसे पांच खाद्य पदार्थों के बारे में बताते हैं, जो न केवल स्वादिष्ट हैं बल्कि शरीर को ठंडक देने में मदद कर सकते हैं। इन्हें डाइट में शामिल करने से आप तरोताजा महसूस करेंगे।
#1
खीरा
खीरा एक ऐसी सब्जी है, जो 90 प्रतिशत से ज्यादा पानी से बना होता है, जो गर्मियों में शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकता है। यह विटामिन-C और पोटेशियम का भी अच्छा स्रोत है, जो त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा खीरे में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स शरीर को गर्मी से होने वाले नुकसान से बचा सकते हैं। लाभ के लिए खीरे का सेवन सलाद, स्मूदी या फिर जूस के रूप में करें।
#2
ककड़ी
खीरे की तरह ककड़ी में भी पानी की मात्रा अधिक होती है, जो शरीर को ठंडक देने में मदद कर सकती है। यह फाइबर से भरपूर होती है, जो पाचन क्रिया को ठीक रखने में सहायक है। ककड़ी में कैलोरी कम और पोषक तत्वों की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इसे डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है। लाभ के लिए ककड़ी का सेवन सलाद, स्मूदी या फिर जूस के रूप में करें।
#3
नारियल पानी
नारियल पानी एक प्राकृतिक पेय है, जो शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ ही शरीर में नमक की कमी को पूरा करने में मदद कर सकता है। इसमें कैलोरी कम और पोटेशियम, मैग्नीशियम और विटामिन-C की मात्रा अधिक होती है। इसके अलावा नारियल पानी पाचन क्रिया को ठीक रखने में भी मदद कर सकता है। गर्मियों में ताजगी का एहसास करने के लिए रोजाना एक नारियल पानी का सेवन जरूर करें।
#4
पुदीना
पुदीने की तासीर ठंडी होती है, इसलिए इसका सेवन गर्मियों में करने की सलाह दी जाती है। पुदीने का सेवन करने से न केवल मुंह की दुर्गंध दूर होती है, बल्कि इससे शरीर को ठंडक भी मिलती है। इसके अलावा पुदीने में सूजन कम करने वाले गुण होते हैं, जो गर्मियों में होने वाली त्वचा संबंधी समस्याओं से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं। लाभ के लिए पुदीने की चाय या पुदीने का पानी बनाकर पीएं।
#5
तरबूज
तरबूज में अधिक मात्रा में पानी के साथ विटामिन-C, विटामिन-A, पोटेशियम और एंटी-ऑक्सीडेंट्स शामिल होते हैं, जो शरीर को ठंडक देने में मदद कर सकते हैं। तरबूज में कैलोरी कम और पोषक तत्वों की मात्रा अधिक होती है, इसलिए इसे डाइट में शामिल करना लाभदायक हो सकता है। आप चाहें तो तरबूज का जूस बनाकर भी पी सकते हैं। इससे तरबूज का सेवन करने का पूरा फायदा मिलेगा।