Page Loader
दुल्हन शादी के दिन बालों में लगाएं ये सुंदर फूल, लुक में लग जाएंगे चार चांद

दुल्हन शादी के दिन बालों में लगाएं ये सुंदर फूल, लुक में लग जाएंगे चार चांद

लेखन सयाली
May 16, 2025
07:01 pm

क्या है खबर?

शादी के दिन दुल्हन लहंगे और मेकअप पर खासा ध्यान देती हैं। इनके साथ-साथ हेयर स्टाइल और बालों में लगाई जाने वाली एक्सेसरीज का सही चुनाव भी जरूरी होता है। एक अच्छी हेयर स्टाइल आपके पूरे लुक में चार चांद लगाने का काम कर सकती है। ज्यादातर महिलाएं शादी के दिन अपने बालों में फूल लगाना पसंद करती हैं, जो किसी रानी जैसा महसूस करवाने की ताकत रखते हैं। आपको अपनी शादी के दिन बालों में ये फूल लगवाने चाहिए।

#1

कमल

कमल के फूल को पवित्रता, दिव्यता और आध्यात्मिक जागृति का प्रतीक माना जाता है। कुछ संस्कृतियों में इसे सौंदर्य के प्रतीक की तरह भी देखा जाता है। शादी के दिन आप अपने बालों में कमल का फूल लगा सकती हैं, जो आपको सभी से अलग लुक देगा। सबसे पहले एक ढीली चोटी बनाएं और उसके बीच वाले हिस्से में कमल के पुष्प लगा दें। अगर आप जूड़ा बना रही हैं तो इसे साइड में लगाना सही रहता है।

#2

मोगरा

दक्षिण भारतीय महिलाएं शादी के दिन बालों में मोरगा के फूल लगाना पसंद करती हैं। इसे उनके रीति-रिवाजों का हिस्सा माना जाता है। हालांकि, अब भारत के बाकी हिस्सों की महिलाएं भी शादी के दिन मोगरे का गजरा लगाने का चलन अपना रही हैं। मोगरा पवित्रता, मासूमियत और नाजुकता को दर्शाने वाला फूल है, जो किसी भी रंग के जोड़े पर जंचता है। आप अपने पूरे जूड़े में इसे लगा सकती हैं या लंबी चोटी बनाकर उसपर लपेट सकती हैं।

#3

गुलाब

जब बात बालों में लगाने की आती है तो सभी दुल्हनों की पहली पसंद गुलाब का फूल ही होता है। यह पुष्प कई अलग-अलग रंगों में उपलब्ध होता है और आप अपने शादी के जोड़े के रंग के मुताबिक उन्हें चुन सकती हैं। पारंपरिक तौर पर गुलाब के फूल को जूड़े में लगाया जाता है। हालांकि, इन दिनों कई दुल्हन अपने बालों को खुला रखकर भी कोने में गुलाब सजाना पसंद करती हैं।

#4

जिप्सी

जिप्सी यानि बेबी ब्रेथ बेहद छोटे-छोटे सफेद रंग के फूल होते हैं। इन्हें ज्यादातर बाकी फूलों के साथ फिलर की तरह मिलाकर बालों में लगाया जाता है। हालांकि, आज कल ढेर सारे जिप्सी फूलों को अकेले भी बालों की शोभा बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। आप चोटी बनाकर या आधे बालों को बांधने वाली हेयर स्टाइल बनाकर जिप्सी लगा सकती हैं। कुछ महिलाएं इन फूलों को ब्लश या आई शैडो की मदद से रंगकर भी लगाती हैं।

#5

गेंदा

गेंदा एक ऐसा फूल है, जिसे शादी समारोह की सजावट के लिए और पूजा में शामिल किया जाता है। पिछले कुछ सालों से महिलाएं इसे बालों में लगाना भी पसंद करने लगी है। यह फूल खास तौर से हल्दी की रस्म वाली हेयर स्टाइल के साथ सबसे अच्छा लग सकता है। आप चोटी बनाकर उसमें अलग-अलग आकार वाले गेंदे के फूल लगा सकती हैं। गेंदे के फूलों को खुशी और जीवन देने की शक्ति से जोड़कर देखा जाता है।