आपको 10 साल बड़ा दिखा सकती हैं फैशन से जुड़ी ये गलतियां, करने से बचें
क्या है खबर?
जो कपड़े हम पहनते हैं, वे हमारे लुक को बना या बिगाड़ सकते हैं। सही कपड़े न चुनने से न केवल लुक खराब होता है, बल्कि आप उम्र से ज्यादा बड़ी भी दिख सकती हैं। आज के फैशन टिप्स में हम आपको 5 ऐसी गलतियों के बारे में बताएंगे, जिनकी वजह से आप 10 साल बड़ी लग सकती हैं। इन्हें सुधारकर आप बेहद खूबसूरत तो लगेंगी ही, साथ ही जवान भी दिखाई देंगी।
#1
गलत रंगों वाले कपड़े चुनना
जरूरी नहीं होता कि हर एक रंग आपके ऊपर अच्छा ही लगे। कुछ रंग ऐसे भी होते हैं, जो आपके चेहरे को डल और उम्रदराज दिखा सकते हैं। गहरे, मटमैले या ज्यादा चटक रंगों वाले कपड़े चेहरे की महीन रेखाओं को उभार सकते हैं। अपना कलर एनालिसिस करवाएं, जिससे आपको पता चल जाएगा कि आप पर किन रंगों वाले कपड़े अच्छे नहीं लगते। जवान दिखने के लिए क्रीम, सफेद, न्यूड और पेस्टल जैसे हल्के रंगों वाले कपड़े चुनें।
#2
सही फिटिंग वाले कपड़े न पहनना
भले ही इन दिनों ढीले कपड़ों का चलन हो, लेकिन आपको अपनी फिटिंग के कपड़े चुनने चाहिए। सही फिटिंग के कपड़े न पहनने से आपका शरीर मोटा लग सकता है और आप ज्यादा बड़ी दिख सकती हैं। ऊपरी शरीर से लेकर पैरों तक, सारे कपड़े ढीले पहनने से बचें। अगर आप बैगी जींस या पैंट पहन रही हैं तो उसके साथ क्रॉप टॉप या फिटिंग वाला टॉप पहनें। ड्रेस, सूट और अन्य कपड़े भी शरीर के आकार के मुताबिक सिलवाएं।
#3
आउटडेटिड ट्रेंड का पालन करना
मौसम और साल के साथ-साथ फैशन ट्रेंड भी बदलते हैं। अगर आप अब भी आउटडेटिड हो चुके ट्रेंड का पालन कर रही हैं तो आज ही यह आदत बदलें। पुराने ट्रेंड अपनाने से आप बड़ी तो लगेंगी ही, साथ ही आपका लुक भी खास नहीं लगेगा। आपको स्किनी जींस, पैच वाले कपड़े, चमकीले कपड़े, पुराने स्टाइल और पैटर्न वाले कपड़ों को अपनी अलमारी से निकाल देना चाहिए। सदाबहार और नए ट्रेंड वाले कपड़ों में निवेश करें, जिनमें आप जवान लगेंगी।
#4
ज्यादा एक्सेसरीज पहन लेना
एक्सेसरीज हर आउटफिट में जान झोक देती हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि आप जरूरत से ज्यादा एक्सेसरीज पहन लें। ऐसा करने से आपका लुक भड़कीला और बनावटी लगने लगेगा और आप बड़ी लगेंगी। पुराने समय में हर कपड़े के साथ मैचिंग हार, अंगूठियां, बालियां और कड़े आदि पहनने का चलन था। हालांकि, अब मिनिमल एक्सेसरीज और स्टेटमेंट जेवरों का ट्रेंड है। एक साथ कई बड़े जेवर न पहनें और संतुलित लुक पाने का प्रयास करें।
#5
शरीर के मुताबिक कपड़े न लेना
हर किसी का शरीर अलग होता है और सभी को अपने बॉडी टाइप के मुताबिक ही कपड़े पहनने चाहिए। इस टिप का पालन न करने वाली महिलाएं उम्रदराज नजर आने लगती हैं और उनका लुक खराब हो जाता है। सबसे पहले अपने शरीर के आकार को पहचानें और यह जानने की कोशिश करें कि उस पर कौन-से कपड़े अच्छे लगते हैं। केवल उन्हीं कपड़ों को पहनें, ताकि आप जवान और पतली भी लग सकें।