LOADING...
खीरा है गर्मी का सुपरफूड, इससे आप बना सकते हैं ये लजीज और हाइड्रेटिंग व्यंजन
खीरे से बनाएं ये व्यंजन

खीरा है गर्मी का सुपरफूड, इससे आप बना सकते हैं ये लजीज और हाइड्रेटिंग व्यंजन

लेखन सयाली
Feb 09, 2026
03:02 pm

क्या है खबर?

खीरे का सेवन सेहत के लिए फायदेमंद होता है, जिसे गर्मी का सुपरफूड कहा जाता है। यह सब्जी शरीर को ठंडक देने के साथ-साथ पानी की कमी को भी पूरा करती है। खीरे में 96 प्रतिशत पानी होता है और इसमें न के बराबर कैलोरी होती हैं, जो इसे सेहत के लिए लाभदायक बनाती हैं। आम तौर पर लोग इसे सलाद के तौर पर खाना पसंद करते हैं। हालांकि, इससे ये 5 स्वादिष्ट पकवान भी बनाए जा सकते हैं।

#1

खीरे का रायता

खीरे का रायता एक पारंपरिक भारतीय साइड डिश है, जिसे दही के साथ मिलाकर बनाया जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक कटोरे में दही को अच्छे से फेंट लें, फिर इसमें कद्दूकस किया हुआ खीरा डालें। इसके बाद इसमें भुना जीरा पाउडर, नमक और थोड़ा-सा कटा हुआ धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं। यह रायता खाने के साथ-साथ पाचन के लिए भी अच्छा होता है और इसे बनाना भी काफी आसान होता है।

#2

खीरे की चटनी

खीरे की चटनी एक अनोखा और स्वादिष्ट व्यंजन है, जिसे आप अपने खाने के साथ परोस सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सर में कटा हुआ खीरा, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, नमक और नींबू का रस डालकर अच्छे से पीस लें। अब इस मिश्रण को एक कटोरे में निकालकर उसमें बारीक कटा हुआ प्याज और धनिया मिलाएं। यह चटनी आपके खाने को नया स्वाद देगी, जिससे आपका दिल खुश हो जाएगा।

Advertisement

#3

खीरे का सलाद

खीरे का सलाद एक सेहतमंद विकल्प है, जिसे आप अपने रोजाना के खाने में शामिल कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले खीरे को अपने मन चाहे आकार में काट लें। अब एक बड़े कटोरे में खीरे, टमाटर, प्याज, शिमला मिर्च और धनिया आदि डालें। इसमें नींबू का रस, नमक और काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इस सलाद को खाने से न केवल आपकी भूख मिटेगी, बल्कि यह आपके पेट को फायदा पहुंचाएगा।

Advertisement

#4

खीरे का अचार

खीरे का अचार एक अनोखा पकवान है, जिसे भी साइड डिश के तौर पर खाया जाता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले छोटे टुकड़ों में कटे हुए खीरे को नमक लगाकर धूप में सुखा लें। इसके बाद सरसों का तेल गर्म करके उसमें मेथी दाना, सौंफ और हल्दी पाउडर जैसे मसाले डालें। सूखे हुए खीरे को इस मसालेदार तेल में मिलाकर जार में भर दें। जार को कुछ दिन धूप में रखें और मजे से खाएं।

#5

खीरे की टिक्कियां

खीरे की टिक्कियां एक बेहतरीन स्नैक है, जिसे आप शाम की चाय के साथ खा सकते हैं। इसे बनाने के लिए उबले हुए आलू को मीस कर उसमें कद्दूकस किया हुआ कच्चा खीरा मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण में बेसन, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च और नमक आदि डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्कियां बनाकर तवे पर सेंके। इन्हें आप खीरे की चटनी के साथ खा सकते हैं।

Advertisement