Page Loader
शीबा इनु से लेकर तिब्बती मैस्टिफ तक, ये हैं एशिया के 5 सबसे सुंदर कुत्ते

शीबा इनु से लेकर तिब्बती मैस्टिफ तक, ये हैं एशिया के 5 सबसे सुंदर कुत्ते

लेखन सयाली
May 11, 2025
04:14 pm

क्या है खबर?

एशिया दुनिया की कुछ सबसे प्राचीन और अनोखी कुत्तों की नस्लों का घर है। ये कुत्ते न केवल प्यारे होते हैं, बल्कि ये जिन संस्कृति से आते हैं, उनमें उनका खास महत्त्व भी होता है। ये बेहद वफादारी, बहादुर और बुद्धिमान पालतू जानवर होते हैं, जो अपनी मासूमियत और चंचलता से सबका दिल जीत लेते हैं। आइए एशिया के 5 सबसे सुंदर कुत्ते के बारे में जानते हैं और उनकी खूबियों को भी समझते हैं।

#1

शिबा इनु

शिबा इनु जापान की एक शिकारी नस्ल होती है, जिसका शरीर सफेद और भूरे-नारंगी रंग का होता है। यह जापान की 6 मूल कुत्तों की नस्लों में सबसे छोटा कुत्ता होता है। ये शिकार करने के लिए पाले जाते थे, क्योंकि इनका स्वभाव स्वतंत्र, सतर्क और वफादार होता है। ये आम तौर पर साफ-सुथरे रहते हैं और इन्हें कम देखभाल की जरूरत होती है। इन कुत्तों का दिमाग बहुत तेज होता है, जिस कारण इन्हें ट्रेन करना आसान होता है।

#2

शिह त्जू

शिह त्जू प्यारे और छोटे कुत्ते होते हैं, जो चीन के मूल निवासी हैं। चीनी भाषा में शिह त्जू का मतलब शेर वाला कुत्ता होता है। मूल रूप से इस नस्ल के कुत्ते राजकुमारियों के साथ महलों में रहा करते थे। ये कुत्ते चंचल, साहसी, मिलनसार और बुद्धिमान होते हैं। इनके बाल लंबे होते हैं और उन्हें हफ्ते में 2-3 बार धोना, सुखाना और कंघी करना जरूरी होता है। इन कुत्तों को घर के अंदर रहना अधिक पसंद होता है।

#3

तिब्बती मैस्टिफ

तिब्बती मैस्टिफ दुनिया के सबसे महंगे कुत्तों की नस्लों में से एक है, जो एक रक्षक कुत्ता हुआ करता था। एक समय पर ये कुत्ते हिमालय में मठों और घरों की रक्षा किया करते थे। इन कुत्तों का शरीर बड़ा होता है और इनके चेहरे पर शेर जैसे बाल भी होते हैं, जिस कारण ये खतरनाक दिखते हैं। ये कुत्ते अनजान लोगों के सामने सतर्कता से व्यवहार करते हैं, लेकिन अपने मालिक से बहुत प्यार से बर्ताव करते हैं।

#4

किंतामानी

किंतामानी कुत्ता इंडोनेशिया के बाली द्वीप का मूल निवासी है, जो अब दुनियाभर में मशहूर होने लगा है। ये कुत्ते अपने मोटे सफेद बालों, सीधे कानों और लोमड़ी जैसे चेहरे के लिए जाने जाते हैं, जो उन्हें दूसरों से अलग दिखाते हैं। इस नस्ल के कुत्ते बेहद स्वतंत्र, चुस्त और बुद्धिमान होते हैं और अपने मालिक के प्रति बहुत वफादार होते हैं। आप घर में ये छोटे आकार के कुत्ते पाल सकते हैं।

#5

चाउ चाउ

चाउ चाउ दुनिया की सबसे पुरानी नस्लों में से एक है, जो चीन से आती है। ये कुत्ते देखने में बिलकुल किसी शेर की तरह लगते हैं और इनका आकार बहुत बड़ा होता है। इनके नारंगी रंग के बड़े-बड़े बाल भी होते हैं, जिस कारण ये बहुत प्यारे लगते हैं। ये मूल रूप से रक्षक और शिकारी कुत्तों के रूप में पाले जाते थे। ये कुत्ते अपने मालिक के प्रति स्नेही और वफादार भी होते हैं।