LOADING...
छोटे आकार वाले ये कुत्ते पालने के लिए रहेंगे सही, ले आएंगे खुशियां

छोटे आकार वाले ये कुत्ते पालने के लिए रहेंगे सही, ले आएंगे खुशियां

लेखन सयाली
Apr 26, 2025
03:54 pm

क्या है खबर?

अगर आपके घर में बच्चे हैं और आप कुत्ता पालने की सोच रहे हैं तो सही नस्ल चुनना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। ऐसे परिवारों के लिए छोटे कुत्ते बढ़िया रहते हैं, जो बच्चों के साथ घुल-मिल जाते हैं और छोटे घरों में भी आराम से रह लेते हैं। दुनियाभर में कुत्तों की कई ऐसी नस्लें हैं, जो बेहद नन्हीं और प्यारी होती हैं। ये पालतू कुत्ते अपनी मासूमियत, चंचलता और स्वभाव के जरिए सभी का दिल जीत लेते हैं।

#1

शिह त्जू

अगर आपका घर छोटा है तो आपके लिए शिह त्जू से अच्छा कोई कुत्ता नहीं हो सकता। यह नस्ल चीन से आती है, जो पहले केवल राजकुमारियों के साथ रहा करती थी। शिह त्जू असल में इंडोर कुत्ते होते हैं, जिन्हें घर के अंदर रहना पसंद होता है। ये प्यारे कुत्ते वफादार, मिलनसार, चंचल और शांत होते हैं। ये बच्चों के साथ अच्छा व्यवहार करते हैं और उन्हें कोमलता से संभालना जानते हैं। हालांकि, इन्हें ज्यादा देखभाल चाहिए होती है।

#2

मिनी पूडल

मिनी पूडल सबसे समझदार कुत्तों की सूची में दूसरे स्थान पर आते हैं। ये छोटे आकार के होने के बावजूद बेहद फुर्तीले और ऊर्जावान होते हैं। मिनी पूडल घर के अंदर पालने के लिए आदर्श रहते हैं, क्योंकि उनका औसत आकार 28-38 सेमी होता है। इस नस्ल के कुत्तों की देखभाल करना भी आसान होता है, क्योंकि इनके बाल झड़ते नहीं हैं। मिनी पूडल का स्वभाव मजेदार, चंचल और खुशमिजाज होता है और उन्हें ट्रेन करना भी आसान होता है।

#3

माल्टीज

आपने शिनचैन कार्टून में उसके प्यारे कुत्ते शीरो को जरूर देखा होगा, जो कि माल्टीज नस्ल का है। इस नस्ल के कुत्ते बौने, प्यारे और सफेद बालों वाले होते हैं। ये कुत्ते इटली के माल्टा शहर से आते हैं, इसीलिए उनका नाम माल्टीज रखा गया है। इन कुत्तों को लोगों के बीच रहना बेहद पसंद होता है और ये बहुत मिलनसार होते हैं। हालांकि, उनके लंबे और घने बाल होते हैं, जिसके चलते उन्हें अधिक देखभाल की जरूरत होती है।

#4

बीगल

बीगल छोटे आकार का कुत्ता होता है, जिसका रंग सफेद, भूरा और काला होता है। ये बेहद मिलनसार और चंचल कुत्ते होते हैं, जिस कारण ये बच्चों के साथ भी हसी-खुशी रह लेते हैं। बीगल अच्छे पारिवारिक कुत्ते हैं और आमतौर पर अन्य पालतू जानवरों के साथ मिल-जुलकर रहते हैं। ये कुत्ते जिज्ञासु होते हैं और उन्हें अपने परिवार के साथ खेलना-कूदना बहुत पसंद होता है। इन व्यवहारों से पता लगाएं कि आपका जानवर आपसे प्यार करता है या नहीं

#5

कॉकर स्पेनियल 

कॉकर स्पेनियल अमेरिका के मूल निवासी हैं, जो भारत में भी आसानी से उपलब्ध होते हैं। अपने दयालु और सौम्य स्वभाव के कारण यह नस्ल सबसे लोकप्रिय कुत्तों की नस्लों में से एक मानी जाती है। ये कुत्ते मिलनसार, वफादार और बुद्धिमान होते हैं और बेहतरीन पारिवारिक कुत्ते होते हैं। ये कुत्ते अपने मालिक के साथ छोटे घर में भी खुशी-खुशी रह सकते हैं। साथ ही, ये बच्चों और अन्य जानवरों के साथ भी खुशी-खुशी रह लेते हैं।