अचार खाने के लिए दीवाने रहते हैं इन 5 देशों के लोग, सबकी है अपनी खासियत
क्या है खबर?
अचार का नाम सुनते ही हमारे दिमाग में भारतीय रसोई का खट्टा-मीठा अचार आता है। हालांकि, क्या आप जानते हैं कि भारत के अलावा भी कई देश ऐसे हैं, जहां अचार का सेवन किया जाता है। ये देश अपने-अपने तरह के अचार बनाते हैं और उन्हें काफी पसंद किया जाता है। आइए आज हम आपको उन देशों के बारे में बताते हैं, जो अचार खाने के मामले में काफी आगे हैं और अचार के लिए मशहूर हैं।
#1
जापान
जापान में साइड डिश के तौर पर अचार खाने का काफी चलन है। यह एक ऐसा अचार है, जो कई तरह की सब्जियों को मिलाकर बनाया जाता है। इसमें गोभी, गाजर, हरी मिर्च, अदरक, लहसुन, हरी प्याज, मिर्च पाउडर, नमक, सोया सॉस, सिरका, पानी, तेल और कई तरह के मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। यहां के अचार का सेवन करने से पेट को काफी फायदे होते हैं और खाने का स्वाद भी बढ़ जाता है।
#2
इटली
इटली में सब्जियों का अचार बनाया जाता है, जो वहां के लोगों को काफी पसंद आता है। यह मुख्य रूप से खीरे, गाजर, प्याज, शतावरी, लहसुन, अजवाइन, अचार के बीज, कैपर, नमक, सिरका, जैतून का तेल और मिर्च के साथ बनाया जाता है। इस अचार को बनाने के लिए पहले सब्जियों को नमक और पानी के मिश्रण में 3-4 दिन के लिए छोड़ दें, फिर इन्हें सिरके के मिश्रण में डालकर 5-6 दिन के लिए रख दें।
#3
दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया में किमची काफी लोकप्रिय है, जो इस देश का पारंपरिक अचार है। यहां इसे कई तरह से तैयार किया जाता है। हालांकि, सबसे ज्यादा लोकप्रिय सफेद मिर्च, लहसुन, अदरक, चावल के पाउडर और सोया सॉस के मिश्रण से बनने वाली नापा पत्तागोभी की किमची होती है। बता दें कि किमची कई पोषक तत्वों से भरपूर होती है, जो पाचन क्रिया को ठीक रखने समेत कई स्वास्थ्य लाभ प्रदान कर सकती है।
#4
जर्मनी
जर्मनी में खट्टी गोभी को अचार के तौर पर खाया जाता है, जो उनके लिए अचार की तरह ही होती है। इसे बनाने के लिए गोभी को पतले- पतले टुकड़ों में काटकर नमक, सिरके, पानी और मसालों के मिश्रण में कुछ दिनों के लिए रखा जाता है। इसके बाद इसे परोसने से पहले गर्म करके खाया जाता है। यह एक बेहतरीन साइड डिश है, जो किसी भी मुख्य भोजन के स्वाद को दोगुना कर सकती है।
#5
अमेरिका
अमेरिका के लोग एक खास तरह का अचार खाना पसंद करते हैं, जिसे खीरे से बनाया जाता है। इसमें समूचे खीरों को बीच से काटकर उनका अचार बनाया जाता है, जिसकी मुख्य सामग्री सिरका होती है। इसे यहां के लोग कई तरह के व्यंजनों में शामिल करना भी पसंद करते हैं। यहां तक कि कुछ लोग तो इस अचार को स्नैक के रूप में भी खा लेते हैं। इसका जूस भी लोग बड़े चाव से पीते हैं।