Page Loader
क्लिफ जंपिंग का लुत्फ उठाने के लिए इन 5 पर्यटन स्थलों की करें सैर
क्लिफ जंपिंग के लिए बेहतरीन जगहें

क्लिफ जंपिंग का लुत्फ उठाने के लिए इन 5 पर्यटन स्थलों की करें सैर

लेखन अंजली
Jun 09, 2023
04:13 pm

क्या है खबर?

अगर आप गर्मियों में कुछ रोमांचक करने का प्लान बना रहे हैं तो इसके लिए क्लिफ जंपिंग को ट्राई कर सकते हैं। यह एक एडवेंचर गतिविधि है, जो इन दिनों काफी चलन में हैं। इसके लिए आपको एक ऊंची चट्टान से दरिया में कूदना होगा, फिर तैराकी या राफ्टिंग करनी होगी। हालांकि, इसे आजमाने के लिए नियमों का पालन करने सहित सुरक्षित जगहों का चुनाव करना बहुत जरूरी है। इसके लिए आप इन 5 जगहों को चुन सकते हैं।

#1

सेंट मैरी द्वीप (कर्नाटक)

यह कर्नाटक के उडुपी में मालपे के तट पर अरब सागर में 4 छोटे द्वीपों का समूह है। सेंट मैरी द्वीप समूह को नारियल द्वीप के नाम से भी जाना जाता है, जो समुद्र तल से लगभग 10 मीटर (32.8 फीट) ऊपर है। यह वह जगह है, जहां से क्लिफ जंपिंग की जा सकती है। जब आप वहां पहुंचेंगे तो समुंदर का नीला पानी और खूबसूरत प्राकृतिक वादियां आपका मन मोह लेगी।

#2

भेड़ाघाट (मध्य प्रदेश)

मध्य प्रदेश कई प्राकृतिक आकर्षणों को खुद में समेटे हुए है। वहां सबसे ज्यादा लोकप्रिय धुआंधार झरना है, जिससे थोड़ी ही दूरी पर भेड़ाघाट है और यह जगह नर्मदा नदी और ऊंची चट्टानों से घिरी हुई है। वहां 100 फीट ऊंची संगमरमर की चट्टानें हैं, जहां से नदी में कूदकर तैरने पर आपको एक अलग ही अनुभव मिलेगा। यह जगह दोस्तों के साथ मजे करने के लिए एकदम बढ़िया विकल्प हो सकती है।

#3

ऋषिकेश (उत्तराखंड)

उत्तराखंड में स्थित ऋषिकेश प्राचीन और धार्मिक सभ्यता को संजोने वाला स्थल है। इसके साथ ही पिछले कुछ सालों में इसे एडवेंचर केंद्र के रूप में भी विकसित किया गया है। आप वहां क्लिफ जंपिंग का भी लुत्फ उठा सकते हैं। वहां क्लिफ जंपिंग लोकप्रिय व्हाइट वॉटर रिवर राफ्टिंग गतिविधि के एक हिस्से के रूप में शामिल है। प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला से सिर्फ 2 किमी दूर ब्रह्मपुरी में एक चट्टान है, जहां जाकर आप क्लिफ जंपिंग कर सकते हैं।

#4

पंगल किला (तेलंगाना)

पंगल किला तेलंगाना के प्रसिद्ध पहाड़ी किलों में से एक है। इस किले की खासियत इसका भूभाग है। बीहड़ पहाड़ी इलाके में कंटीली वनस्पतियों के साथ सैकड़ों एकड़ भूमि में फैले इस किले के 7 प्रवेश द्वार हैं। इसमें कुछ छोटे तालाब, चट्टानी संरचनाएं और सुंदर चट्टानें भी हैं। यह किला खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों से समृद्ध है, जहां जाकर क्लिफ जंपिंग करने में आपको बहुत आनंद आएगा।

#5

क्रांग शुरी (मेघालय)

मेघालय के जोवई शहर से 30 किमी दूरी पर स्थित क्रांग शुरी वॉटरफॉल हाल के वर्षों में युवाओं के लिए बेहतरीन पर्यटन स्थल बन गया है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां एक व्यूपॉइंट और क्लिफ जंपिंग स्पॉट बनाया गया था। वहां एक पारंपरिक गारो बांस का पुल भी आकर्षण का केंद्र है। अगर आप शहरी भीड़भाड़ से दूर रहकर किसी एडवेंचर गतविधि का आनंद लेना चाहते हैं तो यहां का रुख जरूर करें।