LOADING...
बॉलीवुड की 5 सेलिब्रिटीज, जिन्होंने अपनी शादी में लाल की जगह पेस्टल रंग के लहंगे चुनें
इन बॉलीवुड अभिनेत्रियों ने अपनी शादी में लाल रंग की जगह दूसरे रंग के लहंगे चुनें

बॉलीवुड की 5 सेलिब्रिटीज, जिन्होंने अपनी शादी में लाल की जगह पेस्टल रंग के लहंगे चुनें

लेखन गौसिया
Jan 26, 2023
09:30 pm

क्या है खबर?

भारतीय शादियों में दुल्हन के आउटफिट्स की बात करें तो हमारे दिमाग में सबसे पहले लाल रंग के लहंगे का ख्याल आता है, हालांकि अब यह फैशन बदल रहा है। अथिया शेट्टी से लेकर आलिया भट्ट जैसी बॉलीवुड सेलिब्रिटीज लाल रंग के लहंगे की जगह पेस्टल शेड्स के लहंगे पहनना ज्यादा पसंद कर रही हैं। आइए आज ऐसी ही पांच सेलिब्रिटी ब्राइड्स के बारे में जानते हैं, जिन्होंने अपनी शादी में लाल रंग के लहंगे नहीं पहनें।

#1

अथिया शेट्टी

बॉलीवुड अभिनेत्री अथिया शेट्टी और भारतीय क्रिकेटर केएल राहुल की शादी 23 जनवरी को खंडाला स्थित सुनील शेट्टी के आलीशान बंगले में हुई। इस दौरान आथिया अनामिका खन्ना का पेस्टल पिंक रंग का लहंगा पहने नजर आईं। इस डिजाइनर रेशम के लहंगे पर हाथ से जरदोजी और जाली का खूबसूरत काम तो किया ही गया था, साथ ही चिकनकारी का काम भी था। पेस्टल रंग के इस बेहतरीन लहंगे को बनाने में 416 दिन यानी 1,000 घंटे लगे।

#2

सोहा अली खान

अगर आप भी अपने वेडिंग लुक में लाल रंग को किसी और रंग के साथ स्विच करना चाहती हैं तो 2015 में सोहा अली खान का ब्राइडल लुक आपको जरूर देखना चाहिए। उन्होंने अपनी शादी में सब्यसाची आइवरी-गोल्ड-केसरिया ऑरेंज लहंगा पहना था। इस लहंगे के साथ केसरिया रंग सोहा की मां शर्मिला टैगोर के अनुरोध करने पर जोड़ा गया था। सोहा ने ब्राइडल लहंगे के साथ एक बेहतरीन हार और छपका के साथ अपने लुक को पूरा किया था।

#3

आलिया भट्ट

बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और रणबीर कपूर ने 2022 में बांद्रा स्थित रणबीर के घर में शादी के बंधन में बंध गए थे। इस दौरान आलिया ने सब्यसाची मुखर्जी द्वारा हाथ से बुना हुआ आइवरी-गोल्डन टिश्यू सिल्क (रेशम) लहंगा पहना था। इस आउटफिट के साथ उन्होंने मैचिंग अनकट डायमंड पोल्की ज्वेलरी भी पहनी थी। इसके साथ ही आलिया ने फ्री-फ्लोइंग हेयरस्टाइल और लाइट मेकअप किया था। आलिया का ये सरल और स्टाइलिश लुक सभी को बेहद पसंद आया था।

#4

नेहा कक्कड़

मशहूर सिंगर नेहा कक्कड़ और रोहनप्रीत सिंह की शादी 24 अक्टूबर, 2020 को हुई थी। नेहा ने अपनी शादी के दिन हल्के गुलाबी रंग का सब्यसाची लहंगा पहना था, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रहीं थी। डिजाइनर ने खुद नेहा को यह लहंगा गिफ्ट किया था। इस बेहतरीन लहंगे पर जरदोजी फ्लोरल मोटिफ, मीनाकारी वर्क, कोरल, फ्यूशिया और बेबी पिंक मल्टीकलर थ्रेडवर्क भी किया गया था। इसके साथ नेहा ने सिग्नेचर हेरिटेज ज्वेलरी पहनी था और लाइट मेकअप किया था।

#5

नेहा धूपिया

बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया ने 2018 में लोकप्रिय अभिनेता अंगद बेदी से शादी की थी। इस दौरान उन्होंने लाल रंग के लहंगे की जगह अनीता डोंगरे द्वारा बनाया गया हल्का गुलाबी रेशम का लहंगा पहना था। यह लहंगा भले ही लाइटवेट था, लेकिन इसमें मिंट ग्रीन एम्ब्रायडरी और गोटा पट्टी, जरदोजी और जरी सहित पारंपरिक राजस्थानी हैंडवर्क किया गया था। लहंगे के शीर दुपट्टे में टैसल भी लगे थे। यह देखने में बेहद खूबसूरत लग रहा था।