कहीं गणतंत्र दिवस परेड तो कहीं लिटरेचर फ़ेस्टिवल, जनवरी महीने में इन जगहों पर जरूर घूमें

नई-नई जगहों पर घूमना किसे अच्छा नहीं लगता है। कई लोग अपना ज़्यादातर समय घुमने-फिरने में बिता देते हैं। कई लोग घूमने के लिए विदेश जाते हैं, वहीं कई लोग अपने देश की ही कई जगहों पर जाते हैं। भारत में कई ऐसी जगहें हैं, जहाँ घूमकर आसानी से अपनी छुट्टियों का लुफ़्त उठाया जा सकता है। आज हम आपको भारत की पाँच ऐसी जगहों के बारे में बताएँगे, जहाँ आप जनवरी के महीने में घूम सकते हैं।
देश की राजधानी और देश का दिल, दिल्ली अपने आप में काफ़ी पुराना इतिहास समेटे हुए है। वैसे तो दिल्ली में घूमने के लिए काफ़ी जगहें हैं, लेकिन जनवरी महीने में दिल्ली जानें वाले लोग सबसे ज़्यादा 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौक़े पर होने वाली परेड का इंतज़ार करते हैं। इस दौरान दिल्ली का भ्रमण करने पर परेड के साथ ही इंडिया गेट, लाल किला, क़ुतुब मीनार जैसी जगहों पर घूमा जा सकता है।
देवभूमि नाम से प्रसिद्ध उत्तराखंड राज्य में घूमने-फिरने की कई जगहें हैं, लेकिन कुछ जगहें ऐसी हैं जिनकी ख़ूबसूरती सभी को अपनी तरफ़ आकर्षित कर लेती है। औली एक ऐसी ही जगह है, जहाँ सैलानी आइस स्केटिंग का मज़ा ले सकते हैं। यहाँ की चारों तरफ़ बर्फ़ की चादर से ढकी खबसूरती किसी को भी अपना दीवाना बना सकती है। यहाँ से कवानी बुग्याल, त्रिशूल चोटी, रुद्रप्रयाग, जोशीमठ जैसी जगहों पर घूम जा सकता है।
उत्तराखण्ड के गढ़वाल क्षेत्र में हिमालय में हिमशिखरों की तलहटी में जहाँ पेड़ों की पंक्तियाँ समाप्त हो जाती हैं, वहाँ से हरे मखमली घास के मैदान आरम्भ होने लगते हैं। इन मैदानों को बुग्याल कहा जाता है।
गुलाबी शहर के नाम से मशहूर जयपुर की बात ही सबसे अलग है। जनवरी के मौसम में जयपुर घूमने का मज़ा अद्भुत होता है। जनवरी में जयपुर में लिटरेचर फ़ेस्टिवल का भी आयोजन किया जाता है, जिसे देखने के लिए दुनियाभर से लोग आते हैं। इस बार फ़ेस्टिवल का आयोजन 24 जनवरी, 2019 से 28 जनवरी, 2019 तक किया गया है। इसके अलावा जयपुर के क़िले भी लोगों का ध्यान आकर्षित करते हैं।
दक्षिण भारत अपने आप में काफ़ी ख़ूबसूरती समेटे हुए है। इन्ही में से एक है केरल का मुन्नार। जनवरी में घूमने के लिए मुन्नार जन्नत से कम नहीं है। मुन्नार की ख़ूबसूरती किसी को भी अपना दीवाना बना सकती है। मुन्नार के चाय के बाग़ान के बीच से गुज़र रहे ख़ूबसूरत घुमावदार रास्ते दूसरी दुनिया की अनुभूति देते हैं। मुन्नार के इन रास्तों को सबसे रोमांटिक रास्तों में से एक माना जाता है।
अगर आप जंगल और पहाड़ देखने के शौक़ीन हैं तो प्रकृति के गोद में बसा हुआ सिरपुर आपके लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। यहाँ की ख़ूबसूरत वादियाँ आपका मन मोह लेंगी। जनवरी में घूमने की लिए यह जगह सबसे बेहतरीन मानी जाती है। यहाँ आप ऊर्जा पार्क, इस्कॉन टेम्पल, माडकु द्वीप, नंदनवन गार्डेन, महंत घसीदास मेमोरियल जैसी जगहें घूम सकते हैं। इसके साथ ही यहाँ कई ऐतिहासिक मंदिर भी मौजूद हैं।