LOADING...
पालक से बनाकर खाएं ये स्वादिष्ट स्नैक्स, चाय के साथ लगते हैं बेहतरीन
पालक से बने स्नैक्स

पालक से बनाकर खाएं ये स्वादिष्ट स्नैक्स, चाय के साथ लगते हैं बेहतरीन

लेखन सयाली
Feb 17, 2026
01:35 pm

क्या है खबर?

पालक एक पौष्टिक हरी पत्तेदार सब्जी है, जो विटामिन और मिनरल से भरपूर होती है। आमतौर पर पालक को सादा सब्जी या सूप के रूप में ही खाया जाता है। हालांकि, इससे कई अनोखे और स्वादिष्ट स्नैक्स भी बनाए जा सकते हैं। ये स्नैक्स चाय के साथ बहुत ही लजीज लगते हैं और शाम की भूख को शांत करने में मदद कर सकते हैं। आइए पालक के 4 बेहतरीन स्नैक्स की रेसिपी पर नजर डालते हैं।

#1

पालक का समोसा

पालक का समोसा एक बेहतरीन नाश्ता है, जो आलू वाले समोसे से ज्यादा स्वादिष्ट और पौष्टिक होता है। इसे बनाने के लिए गेहूं के आटे में थोड़ा नमक और तेल मिलाकर गूंध लें। इसके बाद इसमें उबले हुए आलू, उबली हुई पालक और मसाले मिलाकर फिलिंग तैयार करें। अब आटे के छोटे-छोटे गोले बनाकर उन्हें बेलें और त्रिकोण आकार दें, फिर गर्म तेल में तलकर इसे कुरकुरा होने तक पकाएं। इसे चटनी के साथ गर्मा-गर्म परोसें।

#2

पालक की पकोड़ी

पालक की पकोड़ी बनाने के लिए सबसे पहले बेसन में अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरी मिर्च, नमक और थोड़ा-सा पानी मिलाकर घोल तैयार करें। अब इसमें बारीक कटी हुई पालक डालें और अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद एक कढ़ाई में तेल गर्म करें और तैयार घोल की छोटी-छोटी गोलियां इसमें डालें। जब ये सुनहरी और कुरकुरी हो जाएं तो इन्हें एक प्लेट में निकालें और गर्मा-गर्म परोसें। इस पकवान का मजा सॉस के साथ आता है।

Advertisement

#3

पालक का पराठा

पालक का पराठा वैसे तो एक भोजन है, लेकिन आप इसे स्नैक्स के तौर पर भी चाय के साथ परोस सकते हैं। इसके लिए गेहूं के आटे में बारीक कटी हुई पालक, नमक, अजवाइन और थोड़ा-सा तेल मिलाकर गूंध लें। अब छोटी-छोटी लोइयां बनाकर उन्हें बेलें और तवे पर सेंक लें। जब ये सुनहरे हो जाएं तो इन्हें मक्खन लगाकर गर्मा-गर्म परोसें। आप चाहें तो इसमें पालक के साथ-साथ पनीर भी शामिल कर सकते हैं।

Advertisement

#4

पालक मठरी

मठरी तो चाय के साथ सभी को पसंद आती है। अगर इसमें पालक का स्वाद जोड़ दिया जाए तब तो मजा दोगुना हो जाता है। इसे बनाने के लिए पालक को उबालकर पीस लें और पेस्ट बना लें। अब मैदा, गेहूं का आटा, नमक, अजवाइन और जीरा मिलाकर आटा गूंध लें। इसमें पालक का पेस्ट शामिल करें और उसके छोटे-छोटे गोल पेड़े बनाकर तेल में तल लें। इसे आप कुछ दिनों तक स्टोर भी कर सकते हैं।

Advertisement