खट्टा-मीठा खाने के शौकीन हैं? नेपाली तिताउरा के ये लजीज फ्लेवर जरूर चखें
क्या है खबर?
नेपाल की पारंपरिक मिठाइयों में से एक तिताउरा एक चिपचिपी चावल की मिठाई है, जिसे अलग-अलग तरह के फलों और मसालों से बनाया जाता है। यह मिठाई नेपाल के लोगों के लिए खास होती है और इसे विशेष अवसरों पर बनाया जाता है। तिताउरा के कई अलग-अलग फ्लेवर भी होते हैं, जो इसे और भी खास बनाते हैं। आइए आज हम आपको तिताउरा के ऐसे फ्लेवर के बारे में बताते हैं, जिन्हें आपको एक बार जरूर आजमाना चाहिए।
#1
पिरो
नेपाली भाषा में पिरो का मतलब मसालेदार और खट्टा होता है। इससे ही आप समझ गए होंगे कि यह तिताउरा खट्टा और मसालेदार होता है।
इसे बनाने के लिए खट्टे फलों को टुकड़ों में काट लिया जाता है। इसके बाद उन्हें लाल मिर्च पाउडर और काला नमक जैसे मसालों के साथ पकाया जाता है।
इससे फल की मिठास और खट्टापन कम हो जाता है और मसालेदार जायका बढ़ जाता है।
#2
गुल्लियों
अगर आपको मसालेदार से ज्यादा मीठा स्वाद अच्छा लगता है और आपको गुल्लियों तिताउरा ही चुनना चाहिए। यह ज्यादा मीठा और थोड़ा खट्टा भी होता है।
इसे बनाने के लिए फलों के पल्प को एक पैन में चीनी या गुड़ के साथ पकाया जाता है। इसे तब तक पकने दिया जाता है जब तक मिश्रण चिपचिपा न हो जाए।
इससे जो कैंडी बनकर तैयार होती है, वो बच्चों को खास तौर से पसंद आती है।
#3
लप्सी
नेपाल के लोगों को जो तिताउरा सबसे ज्यादा पसंद आता है, उसे लप्सी नाम से जाना जाता है। यह लप्सी फल से बना होता है, जो एक किस्म का आलूबुखारा होता है।
इसके लिए सबसे पहले फल को सुखाया जाता है और उसके बाद उसे लाल मिर्च पाउडर, काला नमक और मसालों के साथ मिलाया जाता है।
इससे एक चिपचिपी टॉफी बन जाती है, जिसका स्वाद मन को तृप्त कर देता है।
#4
झोल
अगर आपको रस वाला तिताउरा खाने का मन है तो आप झोल यानि पाउन चुन सकते हैं। यह एक चिपचिपा, गाढ़ा और तीखा-मसालेदार मिश्रण होता है, जो अक्सर लप्सी, आम, इमली या नींबू जैसे फलों से बनाया जाता है।
इसमें भी नमक, चीनी और मिर्च मिलाई जाती है। इसे बनाते समय इसमें तरल थोड़ा ज्यादा रखा जाता है और साथ ही इसे ज्यादा देर तक सुखाया भी नहीं जाता है, जिससे इसमें झोल बना रहता है।