चांदी के बर्तनों की चमक पड़ गई है फींकी? उन्हें ऐसे साफ करके बनाएं नए जैसा
क्या है खबर?
चांदी के बर्तनों को साफ करना कई बार मुश्किल लगता है। खासकर जब आप चाहते हैं कि वे एकदम नए जैसे दिखें। हालांकि, अगर सही तरीके और चीजें पता हों तो आप उन्हें आसानी से चमका सकते हैं। इसके लिए बाजार से महंगी सफाई वाली चीजें खरीदने की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। आज हम आपको कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे बताने वाले हैं, जिनसे आप घर पर ही चांदी के बर्तनों को बिलकुल नए जैसा चमका सकते हैं।
#1
बेकिंग सोडा और सिरका इस्तेमाल करें
चांदी साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और सिरका बहुत अच्छे रहते हैं। एक कटोरी में 3 चम्मच जितना बेकिंग सोडा और एक कप जितना सिरका लेकर मिला लें। जैसे ही आप इन्हें मिलाएंगे, इसमें झाग उठने लगेगा। ये झाग चांदी पर जमी गंदगी को हटाएगा, जिसके बाद वह आसानी से साफ हो जाएगी। चांदी के बर्तनों को इस घोल में करीब 10 मिनट तक भिगोकर रखें। इसके बाद उन्हें हल्के गर्म पानी से धोकर मुलायम कपड़े से पोंछ लें।
#2
नींबू का रस और बेकिंग सोडा का लेप आजमाएं
नींबू का रस खट्टा होता है और बेकिंग सोडा के साथ मिलने पर यह चांदी की गंदगी को गला देता है। नींबू का रस और बेकिंग सोडा बराबर मात्रा में मिलाकर एक गाढ़ा लेप बना लें। इस लेप को मुलायम कपड़े से चांदी के बर्तनों पर लगाएं और धीरे-धीरे रगड़ें, जब तक गंदगी हट न जाए। इसके बाद उन्हें गर्म पानी से अच्छी तरह धोकर एक साफ कपड़े से सुखा लें।
#3
दंतमंजन से सफाई करें
दंतमंजन भी चांदी साफ करने में बड़ा काम आता है। इसमें हल्की-सी रगड़ने वाली चीजें होती हैं, जिससे यह गंदगी को अच्छी तरह हटा देता है। थोड़ी मात्रा में बिना जेल वाला दंतमंजन सीधे चांदी के उन बर्तनों पर लगाएं, जिन पर गंदगी जमी हुई हो। मुलायम कपड़े से इन्हें धीरे-धीरे रगड़ें, ताकि गंदगी आहिस्ता से साफ होनी शुरू हो जाए। आपको दिखेगा कि गंदगी उतरने लगी है। अब गर्म पानी से धोकर इसे एक मुलायम तौलिए से पोंछ लें।
#4
जैतून के तेल से चमकाएं
चांदी के बर्तनों की चमक लौटने के लिए उन्हें साफ करने के बाद जैतून का तेल इस्तेमाल किया जा सकता है। बस थोड़ा-सा जैतून का तेल एक मुलायम कपड़े पर लें और उसे साफ किए हुए चांदी के बर्तनों पर गोल-गोल घुमाते हुए रगड़ें। इससे चांदी चमकने तो लगेगी ही, साथ ही उसकी सतह पर तेल की एक पतली परत बन जाएगी। यह परत उसे आगे गंदगी जमने से भी बचाएगी।