LOADING...
40 वर्षीय महिला का आरोप; चार साल की उम्र से रेप कर रहा मामा, कराया गर्भपात

40 वर्षीय महिला का आरोप; चार साल की उम्र से रेप कर रहा मामा, कराया गर्भपात

Dec 10, 2019
07:24 pm

क्या है खबर?

दिल्ली में एक 40 वर्षीय महिला ने अपने मामा पर बचपन से उसका रेप करने और कई बार गर्भपात कराने के लिए केस दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसके मामा ने 1981 में जब वो मात्र चार साल की थी तब पहली बार उसका यौन उत्पीड़न किया। इसके बाद कक्षा दस तक पहुंचते-पहुंचते वो उसका तीन बार गर्भपात करा चुका था। कोर्ट ने आरोपी के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं।

शिकायत

मां और परिजनों ने नहीं की पीड़िता की मदद

पीड़िता ने दिल्ली की एक कोर्ट को बताया कि अगस्त 2014 में उसके तलाक के बाद से आरोपी उसका रेप कर रहा है। जब उसने अपनी मां और परिवार के अन्य सदस्यों को इसके बारे में बताया तो किसी ने भी उसकी मदद नहीं की। इसके बजाय उन्होंने शिकायत दर्ज कराने के लिए पीड़िता को ही फटकार लगाई और अन्य किसी को घटना के बारे में न बताने को कहा।

उत्पीड़न

पीड़िता को मां के अंतिम संस्कार तक में नहीं जाने दिया गया

पीड़िता ने बताया कि इसके बाद उसकी सौतेली बहन से आरोपी की शादी कर दी गई और वो दोनों उसके घर में रहने लगे। इस दौरान आरोपी ने लगातार उसका यौन उत्पीड़न किया। शिकायत के अनुसार, 2016 में पीड़िता को उसकी मां के अंतिम संस्कार तक में नहीं जाने दिया गया और मां को अंतिम बार देखने देने के लिए उसको आरोपी की मांगों को स्वीकार करने को कहा गया।

Advertisement

आरोप तय

कोर्ट ने कहा, आरोपी के खिलाफ बनता है रेप का मामला

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोपी के बेटों और अन्य संबंधियों पर उसे जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। उसने मामले में 2016 में FIR दर्ज कराई थी। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश उमेद सिंह ग्रेवाल ने कहा कि प्रथमदृष्टया आरोपी के खिलाफ IPC के तहत रेप और आपराधिक धमकी का मामला बनता है। आरोपी के खिलाफ इन्हीं अपराधों से संबंधित धाराओं में आरोप तय किए गए हैं।

Advertisement

जानकारी

आरोपी के वकील ने स्वीकार किए आरोप

इस बीच आरोपी ने वकील ने कोर्ट से कहा कि वो आरोपी के खिलाफ तय किए आरोप स्वीकार करने के लिए तैयार हैं, लेकिन मामले में अन्य लोगों के खिलाफ कोई भी आरोप तय न किए जाए क्योंकि आरोप अस्पष्ट हैं।

Advertisement