भारत की 'मेक इन इंडिया' और PLI योजनाओं से क्यों घबराया हुआ है अमेरिका?
क्या है खबर?
भारत की वैश्विक विनिर्माण केंद्र बनने की महत्वाकांक्षा अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन की कड़ी निगरानी में आ गई है। यूनाइटेड स्टेट्स ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव (USTR) कार्यालय द्वारा जारी 189 पन्नों की जांच रिपोर्ट में भारत की 'मेक इन इंडिया', 'आत्मनिर्भर भारत' और 'प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव' (PLI) को सीधे तौर पर नामजद किया है। अमेरिका का आरोप है कि इन योजनाओं से भारत में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता पैदा हुई है, जिससे वैश्विक प्रतिस्पर्धा प्रभावित हो रही है।
प्रस्ताव
अमेरिका ने रखा भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ का प्रस्ताव
अमेरिका ने व्यापार अधिनियम 1974 की धारा 301 के तहत भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा है।
हालांकि, भारत के अमेरिका से व्यापार समझौता करने की स्थिति में इस दर को 17 प्रतिशत तक सीमित किया जा सकता है।
इधर, भारत के वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि देश के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता नहीं है और व्यापार संबंधी चिंताओं को द्विपक्षीय वार्ताओं से सुलझाया जाना चाहिए।
योजना
क्या है भारत की 'मेक इन इंडिया' और PLI योजना?
2014 में शुरू 'मेक इन इंडिया' का लक्ष्य देश के सकल घरेलू उत्पाद (GDP) में विनिर्माण की हिस्सेदारी को 25 प्रतिशत तक लाना है, जबकि 2020 में शुरू हुई PLI योजना में अब 14 क्षेत्रों में कंपनियों को उत्पादन और बिक्री बढ़ाने पर वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाता है।
भारत का मानना है कि रोजगार सृजन, आयात कम करने और चीन के अलावा सप्लाई चेन का विकल्प बनने के लिए ये नीतियां जरूरी हैं, लेकिन अमेरिका इसका विरोध कर रहा है।
निशाना
अमेरिका ने 'मेक इन इंडिया' और PLI योजनाओं को क्यों बनाया निशाना?
USTR का तर्क है कि सरकारी सब्सिडी कंपनियों को घरेलू और वैश्विक मांग की परवाह किए बिना उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित करती है। इससे सामान बढ़ता है, कीमतें गिरती हैं और अन्य देशों के निर्माताओं को नुकसान उठाना पड़ता है।
संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता उस स्थिति को कहते हैं जब कोई देश सरकारी नीतियों के दम पर घरेलू और वैश्विक बाजार की खपत से लगातार अधिक उत्पादन करता है। इससे बिना मदद वाले देशों का व्यापार प्रभावित होता है।
चिंता
भारत की विनिर्माण वृद्धि से क्यों चिंतित है अमेरिका?
USTR रिपोर्ट के अनुसार, 2021 से 2025 के बीच भारत की GDP में विनिर्माण की औसत हिस्सेदारी 13.5 प्रतिशत रही, जाे अमेरिका के 9.9 प्रतिशत से अधिक और वैश्विक औसत 15.4 प्रतिशत थोड़ी कम है।
इसी तरह जबकि भारत का निवेश से GDP अनुपात अमेरिका के 21.6 प्रतिशत के मुकाबले 34 प्रतिशत रहा।
इसी तरह 2025 में भारत का कुल वैश्विक वस्तु व्यापार घाटा लगभग 309 अरब डॉलर (लगभग 28.57 लाख करोड़ रुपये) रहा है।
अधिशेष
अमेरिका के साथ भारत का व्यापार अधिशेष लगातार बढ़ा
अमेरिका के साथ भारत का व्यापार अधिशेष लगातार बढ़ा है। यह अधिशेष 2023 में 42.5 अरब डॉलर (लगभग 3.93 लाख करोड़ रुपये) से बढ़कर 2024 में 45.2 अरब डॉलर (लगभग 4.18 लाख करोड़ रुपये) और 2025 में 57.3 अरब डॉलर (लगभग 5.30 लाख करोड़ रुपये) तक पहुंच गया है।
रिपोर्ट में भारत के श्रम कानूनों, वेतन निर्धारण और वित्तीय नीतियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा गया है कि इनसे भारतीय निर्माताओं को कृत्रिम प्रतिस्पर्धात्मक लाभ मिलता है।
क्षेत्र
USTR रिपोर्ट में भारत के 4 प्रमुख क्षेत्रों को किया चिह्नित
USTR रिपोर्ट में भारत के सोलर, स्टील, फार्मा और IT क्षेत्रों को विशेष रूप से चिह्नित किया गया है।
भारत की सोलर मॉड्यूल निर्माण क्षमता 154 गीगावाट (GW) तक पहुंच गई है, जो इसकी 53 गीगावाट की घरेलू मांग से 3 गुना है।
साल 2023 की तुलना में भारत की स्टील उत्पादन क्षमता में 11.4 प्रतिशत (1.83 करोड़ मीट्रिक टन) की वृद्धि हुई है और 2025 से 2027 के बीच 3.40 करोड़ मीट्रिक टन अतिरिक्त क्षमता जुड़ने का अनुमान है।
अन्य
फार्मास्यूटिकल्स और IT क्षेत्र की क्या है स्थिति?
भारत, अमेरिका में वितरित होने वाली लगभग 47 प्रतिशत जेनेरिक दवाओं की आपूर्ति करता है और भारत का लगभग एक-तिहाई फार्मा निर्यात अमेरिका जाता है।
अमेरिका की चिंता है कि भारत आयातित एंटीबायोटिक अवयवों के मूल्य का लगभग 87 प्रतिशत चीन से मंगाता है, जिससे आर्थिक सुरक्षा जोखिम होता है।
देश में मोबाइल फोन का उत्पादन 2023-24 में 5.8 करोड़ बढ़कर 33 करोड़ यूनिट हो गया है, जबकि आयात 21 करोड़ से घटकर 0.3 करोड़ यूनिट रह गया है।
जांच
भारत के विनिर्माण अभियान में चीन की भूमिका जांच के दायरे में क्यों?
रिपोर्ट का प्रमुख बिंदु है कि भारत खुद को चीन के विकल्प के रूप में पेश कर रहा है, लेकिन 2017 से 2025 के बीच चीन से भारत का मध्यवर्ती वस्तुओं का आयात 97 प्रतिशत बढ़कर 44 अरब डॉलर (लगभग 4.07 लाख करोड़ रुपये) बढ़ गया है।
ट्रंप प्रशासन को आशंका है कि सस्ते चीनी पुर्जों और चीनी निवेश के जरिए चीन अन्य देशों के रास्ते अपना औद्योगिक प्रभाव बढ़ा रहा है। यह स्थिति अन्य देशों के लिए खतरनाक है।
कार्रवाई
क्या ट्रंप केवल भारत को निशाना बना रहे हैं?
नहीं ऐसा नहीं कि ट्रंप केवल भारत को ही निशाना बना रहे हैं।
USTR की जांच कुल 16 अर्थव्यवस्थाओं पर की गई थी, जिनमें से 25 नवंबर को 14 के खिलाफ निष्कर्ष जारी किए हैं।
भारत के अलावा इस सूची में चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान, वियतनाम, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मलेशिया, थाईलैंड, कंबोडिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड और यूरोपीय संघ शामिल हैं। मेक्सिको और नॉर्वे की जांच अभी जारी है।
ऐसे में सभी देश अमेरिकी टैरिफ से निपटने की योजना बना रहे हैं।