LOADING...
ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से क्यों गुजरने दिए 2 भारतीय जहाज? विदेश मंत्री ने बताई वजह 
विदेश मंत्री ने होर्मुज से भारतीय जहाजों को मिली छूट की वजह बताई है

ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से क्यों गुजरने दिए 2 भारतीय जहाज? विदेश मंत्री ने बताई वजह 

लेखन आबिद खान
Mar 16, 2026
12:26 pm

क्या है खबर?

अमेरिका-इजरायल से युद्ध के बीच ईरान ने वैश्विक तेल परिवहन के लिए अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर रखा है। हालांकि, बीते दिनों यहां से 2 भारतीय जहाजों को गुजरने की अनुमति दी गई। ये दोनों जहाज LPG लेकर भारत आ रहे हैं। अब विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारत को मिली इस खास छूट की वजह बताई है। उन्होंने कहा कि ये नतीजे बातचीत से निकले हैं और यह एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है।

बयान

जयशंकर बोले- मैं चर्चा में लगा हुआ हूं

फाइनेंशियल टाइम्स से बात करते हुए जयशंकर ने कहा, "मैं इस समय उनसे बातचीत करने में लगा हुआ हूं और मेरी बातचीत से कुछ नतीजे निकले हैं। यह प्रक्रिया जारी है। अगर इससे मुझे नतीजे मिल रहे हैं, तो जाहिर है मैं इसे जारी रखूंगा।" उन्होंने आगे कहा, "निश्चित रूप से भारत के नजरिए से, यह बेहतर है कि हम तर्क-वितर्क करें, आपस में तालमेल बैठाएं और कोई समाधान निकालें।"

समझौता

जहाजों को लेकर ईरान से कोई समझौता नहीं हुआ- विदेश मंत्री

विदेश मंत्री ने यह भी साफ किया कि भारत के झंडे वाले जहाजों के लिए ईरान के साथ कोई एकमुश्त व्यवस्था नहीं हुई है और हर जहाज की आवाजाही एक स्वतंत्र घटना है। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि ईरान को इसके बदले में कुछ दिया गया है। उन्होंने कहा, "दिल्ली और तेहरान के बीच एक-दूसरे के साथ काम करने का एक इतिहास रहा है और इसी आधार पर मैंने उनसे बातचीत की।"

Advertisement

जहाज

जयशंकर ने कहा- अभी भी बातचीत जारी

जयशंकर ने कहा, "यह किसी लेन-देन का मामला नहीं है। भारत और ईरान के बीच एक रिश्ता है और इस संघर्ष को हम बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण मानते हैं।" विदेश मंत्री ने बताया कि कई भारतीय जहाज अभी भी होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हैं। उन्होंने कहा, "अभी तो बस शुरुआत है। हमारे और भी कई जहाज वहां मौजूद हैं। हालांकि, यह एक स्वागत योग्य कदम है, फिर भी बातचीत लगातार जारी है, क्योंकि इस पर अभी भी काम चल रहा है।"

Advertisement

ईरान

ईरान बोला- होर्मुज केवल अमेरिका, इजरायल और उसके सहयोगियों के लिए बंद

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि होर्मुज सभी जहाजों के लिए खुला है केवल अमेरिका, इजरायल और उनके सहयोगियों के जहाजों को छोड़कर। एमएस नाउ से बात करते हुए अराघची ने कहा, "वास्तव में होर्मुज जलडमरूमध्य खुला है। यह केवल हमारे दुश्मनों, हम पर हमला करने वालों और उनके सहयोगियों के टैंकरों और जहाजों के लिए बंद है। बाकी सभी जहाज बिना किसी रोक-टोक के गुजर सकते हैं।"

भारतीय जहाज

92,000 मीट्रिक टन LPG लेकर भारत आ रहे 2 जहाज

भारतीय ध्वज वाले 2 जहाज- शिवालिक और नंदा देवी ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित तरीके से पार कर लिया है। इनमें लगभग 92,700 मीट्रिक टन LPG है। आज या कल में इनके भारत पहुंचने की उम्मीद है। विदेश मंत्रालय ने 2 दिन पहले बताया था कि 27 भारतीय जहाज अभी भी होर्मुज में फंसे हुए हैं। बता दें कि होर्मुज जलडमरूमध्य से दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस के परिवहन होता है।

Advertisement