तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026: पूर्व मुख्यमंत्री ओ पन्नीरसेल्वम बोदिनायक्कनूर सीट से आगे
क्या है खबर?
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) नेता ओ पन्नीरसेल्वम (OPS) बोदिनायक्कनूर सीट से आगे चल रहे हैं। उन्होंने थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वैत्री कड़गम के प्रकाश एस पर बढ़त बना रखी है। वहीं, AIADMK के वीटी नारायणस्वामी तीसरे नंबर पर हैं। अगर जीते तो इस सीट से OPS की ये लगातार चौथी जीत होगी। हालांकि, पिछले तीनों चुनाव उन्होंने AIADMK के टिकट पर जीते थे।
पिछले नतीजे
क्या रहे थे पिछले चुनावों के नतीजे?
2021 के विधानसभा चुनावों में बोदिनायक्कनूर सीट से पन्नीरसेल्वम ने जीत दर्ज की थी। हालांकि, तब वे AIADMK में थे। तब पन्नीरसेल्वम ने DMK के थंगा तमिल सेल्वन को 11,000 वोटों से हराया था। 2016 में भी पन्नीरसेल्वम ने AIADMK में रहते हुए इस सीट से 15,000 वोटों से जीत दर्ज की थी। तब पन्नीरसेल्वम का मुकाबला DMK के एस लक्ष्मणन से था, जो 2006 में इस सीट से विधायक रह चुके हैं।
इतिहास
बोदिनायक्कनूर सीट का इतिहास भी जानिए
बोदिनायक्कनूर विधानसभा सीट तमिलनाडु की थेनी जिले में आती है। 1957 में बनी इस सीट से 1989 में पूर्व मुख्यमंत्री जयललिता ने भी जीत दर्ज की थी। ज्यादातर वक्त इस सीट पर AIADMK का कब्जा रहा है। केवल 1971, 1996 और 2006 में DMK को जीत मिली है। ये इलाका मसालों के व्यापार खासतौर पर इलायची, काली मिर्च और कॉफी के लिए जाना जाता है। यही वजह है कि इसे 'इलायची पहाड़ियों का प्रवेश द्वार' भी कहा जाता है।