LOADING...
भारत पर क्यो मंडरा रहा है 500 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ का खतरा?
अमेरिकी संसद में रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर 500 प्रतिशत टैरिफ लगाने वाला विधेयक पेश हो सकता है (फाइल तस्वीर)

भारत पर क्यो मंडरा रहा है 500 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ का खतरा?

लेखन आबिद खान
Jul 11, 2026
10:41 am

क्या है खबर?

अमेरिका के टैरिफ को लेकर भारत को नई चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। 4 अमेरिकी सांसदों ने रूस से कच्चा तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से एक विधेयक को आगे बढ़ाने के लिए ट्रंप प्रशासन के साथ समझौता किया है। इस प्रस्तावित कानून का उद्देश्य रूस से तेल और प्राकृतिक गैस खरीदने वाले देशों को निशाना बनाकर रूस पर दबाव बेढ़ाना है।

टैरिफ

विधेयक में 500 प्रतिशत टैरिफ का प्रावधान

प्रस्तावित कानून का उद्देश्य उन देशों से वस्तुओं और सेवाओं के निर्यात पर अमेरिकी टैरिफ लगाना है, जो रूस से तेल, प्राकृतिक गैस, यूरेनियम और पेट्रोलियम उत्पाद खरीदते हैं। इस साल जनवरी में सामने आए विधेयक के मूल संस्करण में रूसी ऊर्जा खरीदने वाले देशों पर 500 प्रतिशत अमेरिकी टैरिफ लगाने का प्रावधान शामिल था। हालांकि, अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि विधेयक में संशोधन किया गया है और टैरिफ प्रावधानों में छूट दी गई है।

बयान

सांसद बोले- उम्मीद है विधेयक जल्द लागू होगा

इस विधेयक को 2 रिपब्लिकन सांसद- लिंडसे ग्राहम और रोजर विकर और 2 डेमोक्रेटिक सांसद- रिचर्ड ब्लूमेंथल और जीन शाहीन पेश करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे विधेयक को आगे बढ़ाने के लिए ट्रंप प्रशासन के साथ एक समझौते पर पहुंच गए हैं। चारों सांसदों ने कहा, "हम इस महत्वपूर्ण प्रगति से बहुत खुश हैं और उम्मीद करते हैं कि विधेयक को जल्द ही लागू कर दिया जाएगा।"

Advertisement