LOADING...
हिमाचल प्रदेश की बसों पर पंजाब में क्यों हो रहे हमले, जानिए पूरा विवाद
हिमाचल प्रदेश की बसों पर पंजाब में हमले हो रहे हैं

हिमाचल प्रदेश की बसों पर पंजाब में क्यों हो रहे हमले, जानिए पूरा विवाद

लेखन आबिद खान
Mar 23, 2025
02:01 pm

क्या है खबर?

हिमाचल प्रदेश और पंजाब में फिर तनाव देखने को मिल रहा है। इस बार विवाद बसों पर हमले को लेकर है। पंजाब में हिमाचल की बसों पर हमलों के बाद हिमाचल सड़क परिवहन निगम (HRTC) ने पंजाब में अपनी बस सेवाओं पर रोक लगा दी है। हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जब तक पंजाब सरकार सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती, तब तक पंजाब में रात में बसें खड़ी नहीं की जाएंंगी। आइए जानते हैं पूरा विवाद क्या है।

शुरुआत

कैसे हुई विवाद की शुरुआत?

कुछ दिन पहले पंजाब के युवकों का एक समूह मोटरसाइकिलों से हिमाचल आया था। इन्होंने अपनी मोटरसाइकिल पर खालिस्तानी आतंकवादी जरनैल सिंह भिंडरावाले की तस्वीर वाले झंडे लगा रखे थे। स्थानीय युवकों ने इन झंडों को उतरवा दिया था। इस दौरान कथित तौर पर दोनों समूहों के बीच कहासुनी भी हुई थी और बात पुलिस तक पहुंच गई थी। इसके बाद पंजाब में सिख समूह हिमाचल की बसों को निशाना बना रहे हैं।

पोस्टर

हिमाचल की बसों पर लगाए भिंडरावाले के पोस्टर

घटना के बाद पंजाब में हिमाचल की बसों पर हमले शुरू हो गए। होशियारपुर में खालिस्तान समर्थकों ने बसों पर भिंडरावाले के पोस्टर लगा दिए और खालिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। खरड़ में 2 युवकों ने हमीरपुर जा रही हिमाचल की बस रुकवाकर उसके शीशे तोड़ दिए। दल खालसा के जिला प्रधान बलजिंदर सिंह ने यहां तक कह दिया कि हिमाचल से आने वाली बस को तभी पंजाब में घुसने दिया जाएगा, जब उस पर भिंडरावाले की फोटो लगी होगी।

हिमाचल

हिमाचल में बसों पर लगाए गए भारत माता के पोस्टर

पंजाब में बसों पर हमले के बाद हिमाचल में पंजाब की बसों पर भारत माता के पोस्टर लगाए गए। शिमला बस स्टैंड पर पंजाब की बसों के सामने युवकों ने भारत माता की जय के नारे लगाए। एंटी टेररिस्ट फ्रंट के अध्यक्ष वीरेश शांडिल्य ने कहा, "भिंडरावाला समर्थकों का हिमाचल में शांति खराब करने के प्रयास सफल नहीं होने दिए जाएगा। अगर हिमाचल की देव भूमि पर इस तरह की अशांति फैलाने की कोशिश होगी तो वह बर्दाश्‍त नहीं होगी।"

विधानसभा

विधानसभा में उठा मुद्दा, DGP ने की बात 

ये मुद्दा हिमाचल की विधानसभा में भी उठा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बस व अन्य वाहनों पर पंजाब में भिंडरावाले के पोस्टर लगाने को लेकर वह पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से बात करेंगे। दोनों राज्यों के अधिकारी भी चर्चा में लगे हुए हैं। बताया जा रहा है कि हिमाचल सरकार इस मुद्दे को केंद्र सरकार के समक्ष उठाने की तैयारी कर रही है। वहीं, दोनों राज्यों के DGP ने भी मामले पर बात की।

बस

हिमाचल की बसें पंजाब में नहीं रुकेगी रात

हिमाचल के उपमुख्यमंत्री अग्निहोत्री ने कहा कि जब तक भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार वाहनों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती, तब तक वाहन रात में पार्क नहीं किए जाएंगे। इसके अलावा HRTC ने पंजाब के 4 जिलों में 20 रूट पर अपनी सेवाएं बंद कर दी हैं। HRTC के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "हमने अमृतसर, जालंधर , होशियारपुर और लुधियाना जिलों में 20 मार्गों पर बस सेवाओं में कटौती की है।"

ट्विटर पोस्ट

सुनें, मामले पर हिमाचल के उपमुख्यमंत्री ने क्या-क्या कहा