'ऑपरेशन सिंदूर' में चीन ने क्यों की थी पाकिस्तान की मदद? अमेरिकी रिपोर्ट में हुआ खुलासा
क्या है खबर?
अमेरिकी कांग्रेस के एक प्रमुख संसदीय आयोग ने अपनी वार्षिक रिपोर्ट में खुलासा किया है कि मई 2025 में 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान चीन द्वारा पाकिस्तान को दी गई सैन्य सहायता भारत के बढ़ते कद को दबाने की एक व्यापक रणनीति का हिस्सा थी। 'अमेरिका-चीन आर्थिक और सुरक्षा समीक्षा आयोग' (USCC) ने रिपोर्ट में कहा कि चीन न केवल सीमा पर सैन्य दबाव बना रहा है, बल्कि औद्योगिक आपूर्ति पर प्रतिबंध लगाकर भारत को घेरने की कोशिश कर रहा है।
आह्वान
आयोग ने यह किया विशेष आह्वान
अमेरिकी आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, चीन आर्थिक रोक और समुद्री विस्तार के जरिए भी भारत पर दबाव बनाने का प्रयास कर रहा है।
ऐसे में चीन की इन चालों का मुकाबला करने के लिए अमेरिका और भारत के बीच खुफिया, समुद्री और विनिर्माण क्षेत्र में गहरे सहयोग का आह्वान किया है।
रिपोर्ट में एशिया में शक्ति संतुलन बनाने और चीन की रणनीतिक महत्वाकांक्षाओं का मुकाबला करने में भारत के महत्व पर भी जोर दिया है।
बयान
एशिया में भारत के महत्व पर आयोग का बयान
आयोग ने रिपोर्ट में कहा, "भारत के पास चीन के साथ दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धा करने की क्षमता है। इसके कारण चीन कई मोर्चों पर भारत के उदय को दबाने के लिए काम कर रहा है। पाकिस्तान के साथ चीन की विकसित होती सैन्य साझेदारी ने भारत के लिए दो मोर्चों पर युद्ध की आशंका को गंभीर चिंता बना दिया है।
'ऑपरेशन सिंदूर' में सामने आ गया कि कैसे चीन सीधे लड़ाई में उतरे बिना पाकिस्तान को मजबूत कर सकता है।"
सहयोग
चीनी इंजीनियर और वास्तविक समय पर जानकारी
रिपोर्ट में कहा गया है कि इसी साल चीन ने पहली बार सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि उसके इंजीनियरों की एक टीम ने पाकिस्तानी वायुसेना के J-10CE लड़ाकू विमानों को उनकी पूरी युद्धक क्षमता पर काम करने के लिए ऑन-साइट तकनीकी सहायता दी थी।
वहीं, लेफ्टिनेंट जनरल राहुल सिंह ने भी खुलासा किया था कि संघर्ष के दौरान चीन ने भारतीय सेना की तैनाती से जुड़े 'रियल-टाइम इनपुट' भी पाकिस्तान के साथ साझा किए थे।
जासूसी
सीमा पर तनाव और हिंद महासागर में जासूसी
अमेरिकी आयोग ने चेतावनी दी है कि 2024 में पूर्वी लद्दाख में 4 साल पुराना गतिरोध खत्म होने के बावजूद, अरुणाचल प्रदेश सीमा पर चीनी सैनिकों के साथ टकराव जारी है।
इसकी पुष्टि पिछले महीने इंडो-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) प्रमुख ने भी की थी।
इसके अलावा, चीन वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) के पास हवाई अड्डों और रेलवे का विस्तार कर रहा है। इसके साथ ही हिंद महासागर में अपनी नौसैनिक उपस्थिति और जासूसी गतिविधियां भी बढ़ा रहा है।
हथियार
चीन का सबसे धारदार हथियार है आर्थिक दबाव
अमेरिकी आयोग के अनुसार, भारत के विनिर्माण क्षेत्र की रफ्तार रोकने के लिए चीन अपने औद्योगिक नियंत्रण का इस्तेमाल एक हथियार के रूप में कर रहा है।
चीन ने आर्थिक दबाव बनाने के लिए भारत को प्रमुख कच्चे माल और उत्पादों के निर्यात को प्रतिबंधित कर दिया है, अपने इंजीनियरों को वापस बुला लिया है और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण को धीमा करने के लिए उपकरणों की आपूर्ति रोक दी है।
इसी तरह बैटरी तकनीक के निर्यात को भी नियंत्रित किया है।
जानकारी
फार्मा सेक्टर में कीमतों की रणनीति
आयोग ने बताया कि चीन ने दवा निर्माण में इस्तेमाल होने वाले रसायनों की कीमतों में भी भारी कटौती की है, जिससे भारतीय दवा निर्माताओं के लिए सस्ते चीनी उत्पादों से प्रतिस्पर्धा करना कठिन हो गया है। यह बड़ी समस्या है।
रणनीति
भारत की जवाबी रणनीति और चुनौतियां
रिपोर्ट के मुताबिक, "भारत अब चीन से मुकाबले के लिए अपनी सेना का आधुनिकीकरण कर रहा है, घरेलू विनिर्माण क्षमता बढ़ा रहा है, संवेदनशील क्षेत्रों में चीनी भागीदारी को प्रतिबंधित कर रहा है और अमेरिका समेत अन्य साझेदारों के साथ सहयोग बढ़ा रहा है।"
हालांकि, पैनल ने यह भी माना कि भारत का औद्योगिक विस्तार अभी काफी हद तक चीनी मशीनरी और पुर्जों पर निर्भर है, इसलिए घरेलू सप्लायर नेटवर्क बनाने में पर्याप्त पूंजी, तकनीक और समय लगेगा।