Page Loader
कौन है स्टार्टअप CEO सूचना सेठ और उसने क्यों की अपने 4 वर्षीय बेटे की हत्या?
सूचना सेठ पर अपने बेटे की हत्या करने का आरोप है

कौन है स्टार्टअप CEO सूचना सेठ और उसने क्यों की अपने 4 वर्षीय बेटे की हत्या?

लेखन महिमा
Jan 09, 2024
05:06 pm

क्या है खबर?

गोवा में सूचना सेठ नाम की एक महिला ने पहले अपने 4 वर्षीय बेटे की हत्या की और फिर उसके शव को एक बैग में भरकर एक कैब में कर्नाटक भागने की कोशिश की। हालांकि, उसकी ये योजना असफल रही और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिला कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित एक स्टार्टअप की संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) है। आइए जानते हैं कि सूचना सेठ कौन है और उसने अपने बेटे की हत्या क्यों की?

सूचना सेठ

कौन है सूचना सेठ?

39 वर्षीय सेठ ने कलकत्ता विश्वविद्यालय से एस्ट्रोफिजिक्स के साथ-साथ प्लाज्मा फिजिक्स की डिग्री प्राप्त की। इसके बाद उसने भौतिकी में सत्नाकोर किया। वह 'द माइंडफुल AI लैब' नामक कंपनी की संस्थापक हैं और CEO हैं, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में तरक्की पर केंद्रित है। सेठ इस कंपनी का 4 सालों से भी अधिक समय से नेतृत्व कर रही है। इससे पहले उसने बेंगलुरु में बूमरैंग कॉमर्स में वरिष्ठ डाटा वैज्ञानिक के पद पर काम किया था।

जानकारी

2021 में मेधावी महिलाओं की सूची में शामिल थी सेठ

साल 2021 में सेठ AI एथिक्स की 100 सबसे मेधावी महिलाओं की सूची में शामिल थी। सेठ बोस्टन, मैसाचुसेट्स में भी काम कर चुकी हैं और वह ऑप्टिमाइजेशन और इंजेलिजेंस के लिए डाटा-संचालित उत्पादों को डिजाइन करती है।

मामला 

बेटे की हत्या का मामला क्या है?

सेठ 6 जनवरी को अपने 4 वर्षीय बेटे के साथ उत्तरी गोवा के कैंडोलिम में होटल सोल बनयान ग्रांड के कमरा नंबर 404 में रुकी थी। उसने 8 जनवरी को होटल से अकेले चेकआउट किया और कर्नाटक के लिए निकल गई। बेटे के बारे में पूछने पर उसने बताया कि वो उसके दोस्त के यहां गया है। शक होने पर स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी, जिसने महिला को शव के साथ गिरफ्तार कर लिया।

खुलासा 

मामले का खुलासा कैसे हुआ?

दरअसल, सेठ के चेकआउट के बाद जब होटल के कर्मचारी सफाई के लिए कमरे में गए तो उन्हें खून के धब्बे देखकर शक हुआ। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी होटल के मालिक को दी और गोवा पुलिस को बुलाया गया। गोवा पुलिस के मुताबिक, उसे सोमवार को होटल से घटना की जानकारी मिली थी। पुलिस ने होटल का CCTV फुटेज चेक किया तो पाया कि महिला अपने बेटे के साथ आयी थी, लेकिन चेकआउट अकेले किया। इससे शक बढ़ गया।

शक

कैब बुलाने की जिद से हुआ था होटल स्टाफ को शक

होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि सेठ ने होटल से मांग की थी कि लगभग 600 किमी की दूरी के लिए एक कैब बुक की जाए, लेकिन हवाई मार्ग से वह जल्दी पहुंच जाती। कर्मचारियों ने सेठ को विमान से जाने को कहा तो उसने इनकार कर दिया। बेटे के बारे में पूछने पर उसने अपने दोस्त के यहां छोड़ने की बात कही। इसके बाद वह कैब में अपना सामान लेकर बेंगलुरू के लिए निकल गई।

गिरफ़्तारी 

पुलिस ने कैसे कैब चालक की मदद से महिला को पकड़ा?

छानबीन के बाद गोवा पुलिस ने कैब चालक को फोन कर सेठ से बात की। पुलिस ने उसके बेटे के बारे में पूछा तो उसने दोस्त का पता बताया जो जांच में फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने फिर चालक को फोन किया और कोकणी में बात की, ताकि सेठ को समझ न आए। उसने चालक को कर्नाटक के चित्रदुर्ग में प्रवेश करते ही थाने जाने को कहा। चालक ने ऐसा ही किया और कैब को थाने में ले गया।

कारण 

सेठ ने क्यों की अपने बेटे की हत्या?

पुलिस के मुताबिक, सेठ ने इसलिए अपने बेटे की हत्या की क्योंकि वह नहीं चाहती थी कि उसका पति बेटे से मिले। दरअसल, सेठ की 2010 में शादी हुई थी। 2019 में बेटे का जन्म हुआ और 2020 में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद तलाक हो गया। कोर्ट ने आदेश दिया था कि पिता रविवार के दिन अपने बेटे से मुलाकात कर सकता है। सेठ ऐसा नहीं चाहती थी, इसलिए उसने अपने बेटे की हत्या कर दी।

जांच 

सेठ ने पुलिस को क्या बताया?

सेठ ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसके पति के साथ उसके रिश्ते अच्छे नहीं है, उनका तलाक लगभग तय हो चुका है और कुछ अदालती आदेश हैं, जिसके कारण वह नाखुश थी। पुलिस ने बताया कि सेठ के पति केरल के एक व्यवसायी हैं। वह हत्या के समय इंडोनेशिया में थे और उन्हें बुलाया गया है। मौत का कारण स्थापित करने के लिए बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम होने तक कर्नाटक के सरकारी अस्पताल में रखा गया है।

पुलिस

होटल स्टाफ और कैब चालक की वजह से सुलझा मामला

गोवा की राजधानी पणजी में पत्रकारों से बात करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी निधिन वाल्सन ने होटल स्टाफ और चालक की प्रशंसा करते हुए कहा कि होटल के कर्मचारियों ने पुलिस को बुलाने में तेजी दिखाई, वहीं कैब चालक ने बिना घबराए पुलिस के निर्देशों का पालन किया। सभी CCTV फुटेज एकत्र कर लिए गए हैं। फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच कर सबूत इकट्ठा कर रही है।