गुरुग्राम: महिला बाइकर को टक्कर मारने वाले कल्याण बैंसला के बारे में क्या-क्या पता चला?
क्या है खबर?
हरियाणा के गुरुग्राम में एक महिला बाइकर को पहले रोकने फिर टक्कर मारने वाले आरोपी की पहचान हो गई है। कार चालक का नाम कल्याण बैसला है, जो हरियाणा के ही पलवल का रहने वाला है। सोशल मीडिया पर आरोपी ने खुद को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी बता रखा है। इसके अलावा उसने खुद को भारतीय रग्बी टीम का खिलाड़ी भी बताया है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
परिचय
कौन है आरोपी कल्याण?
आरोपी का पलवल में खुद का जिम भी है। सोशल मीडिया प्रोफाइल पर आरोपी ने दावा किया कि उसने एमेच्योर ओलंपिया इंडिया नामक बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता जीती है।
आरोपी के इंस्टाग्राम पर काफी फॉलोवर्स हैं। वो नियमित रूप से व्यायाम करते हुए या अपनी बॉडी दिखाते हुए पोस्ट करता रहता है।
हालांकि, घटना के बाद आरोपी ने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डिएक्टिवेट कर दिया है। वहीं, पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
कार
दोस्त की कार चला रहा था आरोपी
कल्याण ने जिस कार से टक्कर मारी, वह उसके दोस्त मनीष की है।
समाचार एजेंसी ANI को मनीष ने बताया कि यह गाड़ी उनकी है। उन्होंने कहा, "मेरे दोस्त कल्याण ने 2 दिन पहले कार मांगी थी। वह मेरे गांव के पास का रहने वाला है। उसने कहीं जाने के लिए गाड़ी मांगी थी। घटना की जानकारी मिली तो मैंने कल्याण को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।"
मनीष ने बताया कि वह सेना में हैं।
पुलिस
पुलिस बोली- जल्द आरोपी गिरफ्तार किया जाएगा
गुरुग्राम के ACP अभिलक्ष जोशी ने बताया की आरोपी की तलाश की जा रही है और सेक्टर 56 में मामला दर्ज किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महिला ने मामले को लेकर अभी तक शिकायत नहीं दी है, लेकिन पुलिस ने वीडियो के आधार पर घटना का स्वत: संज्ञान लिया है।
उन्होंने कहा, "आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।"
आरोपी
आरोपी ने कहा- जानबूझकर टक्कर नहीं मारी
कल्याण ने कहा कि उसने जानबूझकर बाइक को टक्कर नहीं मारी और कहा है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि बाइक महिला चला रही थी।
उसने इंडिया टुडे से कहा, "वे बार-बार मेरे सामने आ रहे थे और फिर बाइक धीमी कर रहे थे। क्या मैं जानबूझकर सबको टक्कर मार रहा हूं? आप फुटेज देख सकते हैं।"
कल्याण ने कहा कि महिला के घायल होने पर उन्हें खेद है।
घटना
कल्याण ने बाइकर को रुकने के इशारे किए, फिर टक्कर मारी
13 सितंबर को बाइकर सिया अपने दोस्तों के साथ गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स पर राइड के लिए निकली थी। तभी एक कार ने उनका पीछा किया और उन्हें रोकने की कोशिश की।
जब सिया ने अपनी बाइक आगे बढ़ाई, तो आरोपी ने उनसे कुछ कहा और पीछे से आकर बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद सिया बाइक से गिर गई और बाइक कई मीटर दूर तक घसीटती हुई चली गई।
घटना के बाद कल्याण भाग निकला।