Loading...
आघा सलमान ने टेस्ट टीम से बाहर होने के बाद जड़ा पहला प्रथम श्रेणी तिहरा शतक
आघा सलमान ने जड़ा पहला प्रथम श्रेणी तिहरा शतक

आघा सलमान ने टेस्ट टीम से बाहर होने के बाद जड़ा पहला प्रथम श्रेणी तिहरा शतक

Sep 14, 2026
11:11 am

क्या है खबर?

पाकिस्तान क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर आघा सलमान ने प्रेसिडेंट्स ट्रॉफी के पहले दौर में नाबाद तिहरा शतक जड़ दिया। उन्होंने एबटाबाद क्रिकेट स्टेडियम में मार्खोर IT सॉल्यूशंस के खिलाफ किंग्समेन एकेडमी की ओर से 336 गेंदों में नाबाद 300 रन बनाए। उनकी इस आतिशी पारी में 42 चौके और 6 छक्के शामिल थे। यह पारी इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान की टेस्ट टीम में हुए एक विवादास्पद बदलाव के बाद उन्हें वापस घर भेजे जाने के 2 हफ्ते बाद आई है।

बल्लेबाजी

कैसी रही सलमान की पारी और साझेदारी?

सलमान के इस तिहरे शतक की बदौलत किंग्समेन एकेडमी ने 7 विकेट के नुकसान पर 565 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।

उन्होंने मोहम्मद सुलेमान (115) के साथ चौथे विकेट के लिए 274 रनों की विशाल साझेदारी की।

विपक्षी टीम में अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी के अनुभव की कमी के बावजूद सलमान के क्रीज पर लंबे समय तक टिके रहने से उनके आत्मविश्वास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है क्योंकि वह फॉर्म हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

बयान

सलमान ने अपनी बल्लेबाजी में किए कुछ अहम बदलाव

अपनी शानदार पारी के बाद सलमान ने अपने खेल में किए गए बदलावों के बारे में बात की।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा जारी एक वीडियो में उन्होंने कहा, "पिछली कुछ सीरीजों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मेरा प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। हालांकि, आप कुछ बदलाव करते हैं जो फॉर्म वापस पाने में बहुत मददगार साबित हो सकते हैं। मैंने अपनी बल्लेबाजी में भी कुछ छोटे-मोटे बदलाव किए हैं, जिससे मुझे काफी मदद मिली है।"

ADVERTISEMENT

परेशानी

सलामान को बीच इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट टीम से किया गया बाहर

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सलमान का प्रदर्शन खराब रहा है। लॉर्ड्स टेस्ट से बाहर किए जाने से पहले उन्होंने 3 टेस्ट मैचों की 5 पारियों में सिर्फ 45 रन बनाए थे।

हेडिंग्ले के पहले टेस्ट मैच में बाबर आजम की अनुपस्थिति में सलमान ने टीम की कप्तानी भी की थी।

हालांकि, पाकिस्तान के दोनों टेस्ट मैच हारने के बाद उन्हें 6 अन्य खिलाड़ियों, कोच सरफराज अहमद और उमर गुल के साथ दौरे पर जाने वाली टीम से बाहर कर दिया गया।

ADVERTISEMENT

महत्व

घरेलू क्रिकेट महत्व पर क्या बोले सलमान?

घरेलू क्रिकेट खेलने के महत्व पर जोर देते हुए सलमान ने आगे कहा, "एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना बहुत महत्वपूर्ण है और मुझे लगता है कि हर क्रिकेटर को मौका मिलने पर घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए।"

उन्होंने आगे कहा कि उन्हें घरेलू क्रिकेट में वापसी करना अच्छा लगता है क्योंकि रैंक में ऊपर जाने से पहले उन्होंने वहां 10 साल बिताए थे। ऐसे में घरेलू क्रिकेट आगे बढ़ने की अहम सीढ़ी है।

करियर

कैसा रहा है सलमान का प्रथम श्रेणी करियर?

क्रिकइंफो के अनुसार, सलमान ने 2013 में अपने प्रथम श्रेणी करियर का आगाज किया था।

वह अब तक 109 मैचों की 147 पारियों में लगभग 40 की औसत से 6,978 रन अपने नाम कर चुके हैं। उनके नाम 18 शतक और 35 अर्धशतक हैं। यह उनका पहला ही तिहरा शतक है।

वह पाकिस्तान के लिए 28 टेस्ट मैचों में 36.34 की औसत से 1,708 रन बनाने में सफल रहे हैं। इसमें 3 शतक और 12 अर्धशतक भी शामिल हैं।

ADVERTISEMENT