Page Loader
मतदान के दिन आज दिल्ली में क्या खुला और क्या बंद?
दिल्ली में आज लोकसभा चुनाव का मतदान हो रहा है

मतदान के दिन आज दिल्ली में क्या खुला और क्या बंद?

May 25, 2024
10:17 am

क्या है खबर?

देश की राजधानी दिल्ली में आज लोकसभा चुनाव का मतदान हो रहा है। यहां की सभी 7 सीटों पर आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो और किसी भी मतदाता को किसी समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए कई कदम उठाए गए हैं और कई चीजों को बंद किया गया है। आइए जानते हैं कि दिल्ली में आज क्या बंद रहेगा और क्या खुला रहेगा।

#1

शराब की दुकानें बंद

मतदान के दौरान कोई शराब पीकर हुड़दंग न करे, इसके लिए दिल्ली में आज शराब की दुकानें बंद रहेंगी। चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के अनुसार, शहर में शराब की दुकानें 23 मई शाम 6 बजे से बंद हैं और आज शाम 6 बजे तक बंद रहेंगी। दिल्ली के साथ-साथ इसके पड़ोसी शहरों फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी शराब की दुकानें बंद रहेंगी क्योंकि यहां भी आज मतदान हो रहा है।

#2

शैक्षणिक संस्थान और बैंक भी रहेंगे बंद

शराब की दुकानों के साथ-साथ आज दिल्ली में शैक्षणिक संस्थान यानि स्कूल और कॉलेज आदि भी बंद रहेंगे। छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसा किया गया है क्योंकि अधिकांश तौर पर स्कूलों में भी वोट डाले जाते हैं और अगर स्कूल खुले रहेंगे तो समस्या होगी। इसके साथ ही दिल्ली में आज बैंक भी बंद रहेंगे क्योंकि आज महीने का चौथा शनिवार है।

खुला

क्या खुला रहेगा?

मतदान के कारण दिल्ली में आवश्यक सेवाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और वे पहले की तरह जारी रहेंगी। अस्पताल और फार्मेसी खुले रहेंगे। इसके साथ ही सरकारी बस सेवा भी जारी रहेगी। मतदाताओं की सुविधाएं के लिए पूरे शहर में 35 रूटों पर अधिक बसें लगाई गई हैं। सभी बसें सुबह 4 बजे से ही चल रही हैं। इसी तरह दिल्ली मेट्रो भी सुबह 4 बजे से चल रही है। होटल, रेस्टोरेंट, क्लब और मॉल आदि भी खुले रहेंगे।

मुकाबला

दिल्ली में भाजपा और AAP-कांग्रेस गठबंधन के बीच मुकाबला

बता दें कि दिल्ली की सभी सातों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के गठबंधन और भाजपा के बीच मुकाबला है। गठबंधन में AAP 4 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं 3 सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार मैदान में हैं। 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सभी सातों सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी, लेकिन तब AAP और कांग्रेस अलग-अलग लड़े थे, इस बार उनके गठबंधन के कारण कड़ी टक्कर है।