
बोधि वृक्ष, मधुबनी पेंटिंग और हस्तनिर्मित नाव, प्रधानमंत्री ने G-7 नेताओं को क्या-क्या उपहार दिए?
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 3 देशों के दौरे के बाद भारत लौट आए हैं। वे कनाडा भी गए थे, जहां उन्होंने G-7 शिखर सम्मेलन में भाग लिया।
इस दौरान वे कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी समेत फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों से भी मिले।
प्रधानमंत्री ने इन नेताओं को मधुबनी पेटिंग से लेकर पीतल का बना बोधि वृक्ष भेंट किया, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं।
कनाडा
कनाडा के प्रधानमंत्री को दिया पीतल का बोधि वृक्ष
कनाडा में G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कनाडा के प्रधानमंत्री कार्नी को पीतल से बना हस्तनिर्मित बोधि वृक्ष भेंट किया।
बता दें कि यह वृक्ष बिहार के उस पवित्र वृक्ष का प्रतीक है, जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। ये ज्ञान, शांति और आध्यात्मिक जागृति का भी प्रतीक है।
कनाडाई प्रधानमंत्री से मोदी की ये पहली मुलाकात थी, जिसे दोनों देशों के बीच तनाव को देखते हुए अहम माना जा रहा है।
फ्रांस
फ्रांस के राष्ट्रपति को दी गईं नदी की मूर्ति
कनाडा में प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने मैक्रों को तमिलनाडु की डोकरा नंदी मूर्ति भेंट की।
प्राचीन मोम तकनीक का उपयोग कर बनाई गई इस मूर्ति में भगवान शिव के पवित्र बैल नंदी को दर्शाया गया है। बैल का शरीर धातु की जटिल खुली जालीदार संरचना जैसा बनाया गया है और पीठ पर एक लाल काठी है, जो पारंपरिक भारतीय धातु की कलात्मकता को दर्शाती है।
मैक्सिको
मैक्सिको की राष्ट्रपति को मिली वर्ली पेंटिंग
प्रधानमंत्री ने मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम को एक पारंपरिक वर्ली पेंटिंग भेंट की।
महाराष्ट्र की वर्ली जनजाति से उत्पन्न इस लोक कला में मिट्टी की दीवारों पर सफेद चावल के पेस्ट के डिजाइन का उपयोग कर ग्रामीण जीवन को दर्शाया जाता है।
इन पेंटिंग में आमतौर पर खेती, नृत्य और उत्सव जैसे दृश्य शामिल होते हैं, जो समुदाय और उनकी परंपराओं के प्रतीक हैं। ये कला हजारों साल पुरानी मानी जाती है।
दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति को मधुबनी पेंटिंग
प्रधानमंत्री ने दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्यांग को एक पारंपरिक मधुबनी पेंटिंग भेंट की। बिहार की ये कला अपने जीवंत रंगों, पौराणिक कथाओं और सांस्कृतिक कहानियों को दर्शाने वाली डिजाइनों के लिए जानी जाती है।
प्राकृतिक रंगों से बनी ये पेंटिंग सुंदरता के लिए विश्व विख्यात हैं।
प्रधानमंत्री ने दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा को छत्तीसगढ़ से हस्तनिर्मित पीतल का डोकरा घोड़ा उपहार में दिया। ये आदिवासी कारीगरों द्वारा प्राचीन मोम ढलाई तकनीक का इस्तेमाल कर बनाया गया है।
ब्राजील
ब्राजील के राष्ट्रपति को दी गई हस्तनिर्मित नाव
प्रधानमंत्री ने ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा को हंस की मूर्ति के साथ बेंत और बांस से बनी एक हस्तनिर्मित नाव भेंट की। मेघालय की यह लोक कला क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्प कौशल को दर्शाती है।
वहीं, प्रधानमंत्री ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज को कोल्हापुरी चांदी का बर्तन भेंट किया। शुद्ध चांदी से बना ये बर्तन महाराष्ट्र की सुंदरता और विरासत दोनों का प्रतीक है।
अन्य उपहार
प्रधानमंत्री ने ये उपहार भी दिए
प्रधानमंत्री ने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज को कोणार्क चक्र की बलुआ पत्थर से बनी प्रतिकृति भेंट की।
उन्होंने कनाडा की गवर्नर जनरल मैरी साइमन को चांदी का बना एक पर्स भेंट किया, जो ओडिशा की 500 साल पुरानी तारकासी कला को दर्शाता है।
वहीं, अल्बर्टा की प्रीमियर डेनियल स्मिथ को चांदी की नक्काशी वाला आबनूस की लकड़ी से बना जालीदार डिब्बा भेंट किया। इसके ढक्कन पर हाथ से मोर बनाया गया है।