
नदियां उफान पर आने से बाढ़ का खतरा, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
क्या है खबर?
देशभर में मानसून के चलते बारिश की झड़ी लगी हुई है। कई राज्यों में दिनभर कभी तेज तो कभी मध्यम बारिश का दौर जारी रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 19 जुलाई को केरल में अत्यधिक भारी बारिश का अनुमान जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अगले कुछ घंटों में राजस्थान, मध्य प्रदेश, असम, सिक्किम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बाढ़
राजस्थान में बाढ़ के हालात
राजस्थान में शुक्रवार से ही रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी है। इससे राजसमंद जिले के कुंभलगढ़ इलाके में बाढ़ के हालात बने हुए हैं, जबकि अजमेर की आना सागर झील उफान पर है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण प्रदेश के 6 जिलों- कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी, अजमेर, राजसमंद में भारी बारिश होने के आसार हैं। इसके चलते प्रशासन ने इन जिलों के निजी और सरकारी स्कूल 19 जुलाई को बंद करा दिए हैं।
ट्विटर पोस्ट
अजमेर में उफान पर आना सागर झील
#WATCH | Rajasthan | Ana Sagar lake in Ajmer overflows following incessant rainfall. Local residents use sandbags in an attempt to stop water.
— ANI (@ANI) July 19, 2025
Municipal Corporation Chief Engineer Vinod Manohar says, "The waterlogging is due to the water from the escape channels (of the lake)...… pic.twitter.com/CaJyKBHtAr
मुसीबत
गंगा का जल स्तर बना खतरा
मध्य प्रदेश में बारिश का दमदार सिस्टम बना हुआ है, जिससे शनिवार को ग्वालियर, छतरपुर, पन्ना समेत 16 जिलों में बाढ़ का खतरा है। इसके चलते प्रशासन ने शिवपुरी में स्कूल बंद कर दिए। इसके अलावा 14 जिलों में 4 इंच तक पानी गिर सकता है। दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश के 30 जिलों में बारिश और कुछ जगह बिजली गिरने की आशंका है, वहीं गंगा का जलस्तर बढ़ने से वाराणसी में घाट पर बने मंदिर पानी में डूब गए।
ट्विटर पोस्ट
वाराणसी में घाट पर बने मंदिर डूबे
#WATCH | Varanasi | The ghats of Banaras are submerged as the water level of the Holy Ganga increases pic.twitter.com/mHjdjEeohR
— ANI (@ANI) July 19, 2025
आफत
पहाड़ों पर जारी है आफत की बारिश
पहाड़ों पर शनिवार को भी बारिश आफत बनकर गिरेगी। हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 21 और 23 जुलाई को भी प्रदेश में जोरदार बारिश होने का संकेत दिया है। दूसरी तरफ उत्तराखंड में नैनीताल, अल्मोड़ा, गढ़वाल के पौड़ी और टिहरी समेत कई जगह 21 जुलाई तक झमाझम बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में भी अगले 4 दिन मानसून का जोर रहेगा।
गर्मी-उमस
बिहार में बढ़ेगा तापमान
बिहार में मानसून की सक्रियता कम देखने को मिल रही है। यहां शनिवार को बारिश होने की संभावना नहीं है। इससे राज्य के तापमान में 3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही नमी ज्यादा होने से उमस होगी। हरियाणा में भी अगले 2 दिन तक मानसून की असर कमजोर पड़ने से बारिश होने के आसार नहीं है। गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।
राहत
दिल्ली में बारिश से राहत
दिल्ली NCR में बीते गुरुवार और शुक्रवार को अधिकांश क्षेत्रों में दोपहर के समय और कुछ जगह शाम और देर रात को बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। राजधानी में शनिवार को सुबह हल्की धूप खिली है, लेकिन दोपहर को गर्मी-उमस बढ़ सकती है। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 24 और अधिकतम 35 डिग्री रहने का अनुमान है।
मानसून
अभी तक कितनी हुई बारिश?
इस मानसून में असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, त्रिपुरा, उत्तराखंड, कर्नाटक, बंगाल, गुजरात और हिमाचल प्रदेश बाढ़ की स्थिति का सामना कर रहे हैं। महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 1 जून से 16 जुलाई के बीच देश ने 331.9mm बारिश हुई, जो सामान्य 304.2mm से लगभग 9 प्रतिशत अधिक है। रेगिस्तान की धरती राजस्थान में सामान्य से 116 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है।