LOADING...
उत्तर-मध्य भारत में 3 डिग्री तक बढ़ेगा पारा, एक सप्ताह तक लू चलने का अलर्ट
उत्तर भारत में आने वाले 6-7 दिन भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं

उत्तर-मध्य भारत में 3 डिग्री तक बढ़ेगा पारा, एक सप्ताह तक लू चलने का अलर्ट

May 19, 2026
09:00 am

क्या है खबर?

उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत गर्मी से तप रहा है। सोमवार को कई राज्यों में पारा 46 डिग्री से ऊपर चला गया, वहीं उत्तर प्रदेश का बांदा 47.6 डिग्री तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 24 मई तक तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है। इसके चलते राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में एक सप्ताह तक लू चलने का पूर्वानुमान है।

तापमान 

इन राज्यों में बढ़ेगा गर्मी का प्रकोप

उत्तर प्रदेश में पारा 47 डिग्री के पार जाने से भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी समेत 39 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इसके चलते 3 शहरों में स्कूल बंद कर दिए हैं। मध्य प्रदेश के 15 और राजस्थान के 7 शहरों में सोमवार को पारा 43 डिग्री के ऊपर रहा। इस सप्ताह राजस्थान में तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ने से कुछ इलाकों में 45 डिग्री तक पहुंच सकता है।

बारिश 

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

एक तरफ देश में गर्मी पड़ रही है, दूसरी तरफ कुछ इलाकों में अंधड़-बारिश का दौर जारी है। अगले 2-3 दिनों के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश देखने को मिल सकती है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरलम, माहे, लक्षद्वीप और तटीय कर्नाटक में अगले 3 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तेज हवाओं के साथ बारिश होने के आसार हैं।

Advertisement