कहीं बारिश तो कहीं होगी बर्फबारी और ओलावृष्टि, मौसम विभाग ने दी चेतावनी
क्या है खबर?
फरवरी के अंतिम सप्ताह में हर दिन मौसम बदल रहा है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा में बारिश-ओलावृष्टि के कारण सर्दी ने जाेर पकड़ लिया है, वहीं कुछ राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चला गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चक्रवाती परिसंचरण के कारण 12 राज्यों में तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 4 दिनों में पारा 2-3 डिग्री तक चढ़ सकता है।
बारिश
कहां-कहां बरसेंगे बादल?
IMD के अनुसार, आज हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ और महाराष्ट्र में बारिश/बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली और ओले गिरने के आसार हैं। जम्मू-कश्मीर में 28 फरवरी तक हल्की बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है। ओडिशा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में 26 फरवरी तक बादल बरस सकते हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बूंदाबांदी 28 फरवरी तक बूंदाबांदी होना का अनुमान है।
गर्मी
दिल्ली में तेज से बढ़ने लगा पारा
दिल्ली में मार्च से पहले ही गर्मी परेशान करने लगी है, जिससे कई जगह पंखे चलने लगे हैं। सोमवार को मौसम सामान्य से ज्यादा गर्म रहा। अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 5 डिग्री ज्यादा था। राजधानी समेत NCR इलाके में आज मौसम साफ रहेगा। सुबह के वक्त हल्की धुंध देखी जा सकती है, लेकिन दिन में धूप खिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 29-31 डिग्री और न्यूनतम 12-14 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।