LOADING...
व्लादिमीर पुतिन 12-13 सितंबर को भारत दौरे पर आएंगे, BRICS शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
व्लादिमीर पुतिन 12-13 सितंबर को भारत दौरे पर आएंगे (फाइल तस्वीर)

व्लादिमीर पुतिन 12-13 सितंबर को भारत दौरे पर आएंगे, BRICS शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

लेखन गजेंद्र
May 19, 2026
04:08 pm

क्या है खबर?

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे की तारीख सामने आ गई है। वे 12 और 13 सितंबर को 2 दिवसीय दौरे पर नई दिल्ली आएंगे। यह पुष्टि क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने मंगलवार को की। उन्होंने बताया कि रूसी राष्ट्रपति सितंबर में भारत में आयोजित होने वाली BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इससे पहले पुतिन के सहयोगी यूरी उशाकोव ने इसकी पुष्टि की थी। इस साल पुतिन दूसरी बार भारत दौरे पर आएंगे।

दौरा

BRICS समूह की अध्यक्षता कर रहा है भारत

इस साल भारत BRICS समूह की अध्यक्षता कर रहा है। इससे जुड़ी कई बैठकें और कार्यक्रम इस वर्ष पूरे देश में आयोजित हो रहे हैं। पिछला BRICS शिखर सम्मेलन जुलाई में ब्राजील के रियो डी जनेरियो में हुआ था, जिसका विषय "अधिक समावेशी और टिकाऊ शासन के लिए वैश्विक दक्षिण सहयोग को मजबूत करना" था। इस महीने की शुरुआत में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव BRICS विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए भारत आए थे।

दौरा

दिसंबर में भारत आए थे पुतिन

पिछले साल पुतिन 4 और 5 दिसंबर को 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए नई दिल्ली आए थे, जहां उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत की थी। इस दौरान पुतिन ने भारत के साथ रक्षा सहयोग, ऊर्जा संबंध, व्यापार विस्तार और मौजूदा भू-राजनीतिक चुनौतियों पर बात की और दोनों नेताओं ने येकातेरिनबर्ग और कज़ान में भारत के 2 वाणिज्य दूतावासों के खुलने का स्वागत किया था।

Advertisement