वॉशिंगटन होटल गोलीबारी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी बोले- ट्रंप सुरक्षित हैं जानकर राहत मिली
क्या है खबर?
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यक्रम के दौरान हुई गोलीबारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बयान आया है। उन्होंने कहा कि यह जानकर राहत मिली कि वॉशिंगटन डीसी के एक होटल में हाल ही में हुई सुरक्षा घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति सुरक्षित और सकुशल हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है।
बयान
प्रधानमंत्री बोले- घटना की निंदा की जानी चाहिए
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'यह जानकर राहत मिली कि वॉशिंगटन डीसी के एक होटल में हाल ही में हुई सुरक्षा घटना के बाद राष्ट्रपति ट्रंप, फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सुरक्षित और सकुशल हैं। मैं उनकी निरंतर सुरक्षा और कुशलता के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं। लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और इसकी स्पष्ट शब्दों में निंदा की जानी चाहिए।'
घटना
होटल में सालाना कार्यक्रम के दौरान हुई गोलीबारी
वाशिंगटन के होटल हिल्टन में 'व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर' के दौरान गोलीबारी की घटना हुई है। इस दौरान होटल में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत तमाम बड़े अधिकारी मौजूद थे। हालांकि, घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। ट्रंप ने बताया कि एक संदिग्ध हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उसकी पहचान 31 वर्षीय कैलिफोर्निया कोल एलन के रूप में हुई है।