वाराणसी में 116 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, 4 दबोचे गए
वाराणसी पुलिस ने एक बड़े साइबर घोटाले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर करीब 116.86 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का आरोप है। इस गिरोह में नितीश कुमार पांडे, दुष्यंत सिंह, हिमांशु झा और मोहम्मद रेहान शामिल थे। इन ठगों ने 41 बैंक खातों का इस्तेमाल करके धोखाधड़ी का जाल फैलाया था और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर इनके खिलाफ 143 शिकायतें दर्ज की गई थीं।
अभियुक्तों ने OTP चुराने के लिए जेपे ऐप का इस्तेमाल किया
यह गिरोह पहले कुछ लोगों के नाम पर फर्जी कंपनियां पंजीकृत करवाता था। फिर उन्हीं कंपनियों के नाम पर बैंक अकाउंट खुलवाए जाते थे। लोगों को अपने जाल में फंसाने के लिए उन्हें भारी कमीशन का लालच दिया जाता था।
जैसे ही वे फंस जाते, ठग उनके बैंक खाते की डिटेल चुरा लेते और 'जेपे' नाम के एक ऐप के जरिए SMS फॉरवर्डिंग से उनके OTP हासिल कर लेते थे।
इसके बाद ये लोग निवेश और सट्टेबाजी का झांसा देकर लोगों से करोड़ों की ठगी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से कई फोन, चेकबुक, डेबिट कार्ड और अन्य सबूत जब्त किए हैं। फिलहाल, पुलिस इस मामले में शामिल 2 अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है।