LOADING...
उत्तराखंड के चार धाम के लिए आज से पंजीकरण शुरू, जानिए क्या है पूरी प्रक्रिया
उत्तराखंड के चार धाम के लिए आज से पंजीकरण शुरू

उत्तराखंड के चार धाम के लिए आज से पंजीकरण शुरू, जानिए क्या है पूरी प्रक्रिया

लेखन गजेंद्र
Mar 06, 2026
02:54 pm

क्या है खबर?

उत्तराखंड की चार धाम यात्रा के लिए शुक्रवार से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है। इसके बाद अप्रैल में ऑफलाइन पंजीकरण शुरू होगा। उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 7 बजे से ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया चल रही है। सरकार ने सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रा से पहले श्रद्धालुओं का पंजीकरण अनिवार्य है।

पंजीकरण

ऐसे करा सकेंगे ऑनलाइन पंजीकरण

श्रद्धालुओं को ऑनलाइन पंजीकरण के लिए उत्तराखंड सरकार की वेबसाइट registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाना होगा और अपनी जानकारी भरनी होगी। श्रद्धालु मोबाइल ऐप टूरिस्ट केयर उत्तराखंड के माध्यम से भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं। चार धाम यात्रा 2026 के लिए श्रद्धालुओं को आधार कार्ड के माध्यम से पंजीकरण कराना होगा, जबकि विदेशी श्रद्धालु ई-मेल आईडी के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। किसी प्रकार की जानकारी के लिए टोल फ्री नंबर 0135-1364 पर कॉल कर सकते हैं।

कार्ड

आधार कार्ड न होने पर ऐसे कराएं पंजीकरण

सरकार के अधिकारियों ने बताया कि जिन श्रद्धालुओं के पास आधार कार्ड नहीं है, वो पंजीकरण काउंटर पर अपनी जानकारी देकर पास प्राप्त कर सकते हैं। यह व्यवस्था पिछले साल भी जारी थी। भौतिक तौर पर पंजीकरण कपाट खुलने से 2 दिन पहले 17 अप्रैल से शुरू हो जाएंगे। श्रद्धालु ऋषिकुल ग्राउंड हरिद्वार और पंजीकरण केंद्र विकास नगर देहरादून में पंजीकरण केंद्र और ट्रांजिट कैंप में बिना आधार कार्ड के पंजीकरण करा सकते हैं।

Advertisement

कपाट

कब खुलेंगे कपाट

उत्तरकाशी के गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के दिन खुलेंगे। गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट सबसे पहले खोले जाते हैं और अक्षय तृतीया पर ही खुलते हैं। इसके बाद राजपुरोहित महाराजा मनुजेंद्र शाह की जन्मपत्री और लग्न पत्रिका देखकर 23 अप्रैल को सुबह 6:15 बजे बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने का मुहूर्त निकाला गया है। यह पिछले साल के मुकाबले 11 दिन पहले खुलेगा। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलेंगे।

Advertisement