LOADING...
नोएडा दहेज हत्या मामला: पीड़िता के देवर और ससुर को गिरफ्तार किया गया
नोएडा दहेज हत्या के मामले में पीड़िता के देवर और ससुर को भी गिरफ्तार किया गया

नोएडा दहेज हत्या मामला: पीड़िता के देवर और ससुर को गिरफ्तार किया गया

लेखन गजेंद्र
Aug 25, 2025
11:02 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में 36 लाख रुपये के दहेज के लिए महिला निक्की (28) की जलाकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे और चौथे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी पीड़िता का देवर रोहित भाटी है और दूसरा आरोपी पीड़िता के ससुर हैं। दोनों पिछले कई दिनों से फरार थे। पुलिस ने दोनों को सोमवार को हरियाणा में सिरसा टोल के पास एक गुप्त सूचना के आधार पर पकड़ा है।

गिरफ्तार

पति और सास पहले हुए थे गिरफ्तार

पुलिस ने एक दिन पहले ही विपिन भाटी को पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास करते समय पैर में गोली मारकर पकड़ा था। वह अस्पताल में भर्ती है। उसे 14 की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। विपिन की मां दयावती भाटी भी जेल में हैं। वह अपने घायल बेटे से मिलने के लिए ग्रेटर नोएडा के JIMS अस्पताल पहुंची थीं, तभी उन्हें गिरफ्तार किया गया। पीड़िता का देवर और ससुर फरार थे।

घटना

क्या है दहेज हत्या का मामला?

बुधवार 21 अगस्त को निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी गई। उसे नोएडा के फोर्टिस अस्पताल और बाद में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लाया गया। हालांकि, उसकी मौत हो गई। इसके बाद निक्की की बहन कंचन ने पुलिस में शिकायत दी कि उनके और उसके 6 वर्षीय बेटे के सामने निक्की को उसके पति विपिन ने दहेज के कारण आग लगाई थी। शिकायत पर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार किया है। कंचन भी उसी घर में ब्याही है।

मांग

36 लाख रुपये के लिए की गई हत्या

पीड़िता के परिवार ने बताया कि निक्की और विपिन की शादी 2016 में हुई थी। उस दौरान काफी दहेज मांगा गया था, जिसे पूरा किया गया। विपिन को दहेज में सोना, स्कॉर्पियो, बुलेट बाइक दी गई थी, लेकिन शादी के लगभग नौ साल बाद 36 लाख रुपये की मांग को लेकर निक्की को परेशान किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि निक्की के पिता ने हाल में मर्सिडीज खरीदी थी, जिसकी मां भी विपिन कर रहा था।