
नोएडा में तेज रफ्तार BMW ने स्कूटी को टक्कर मारी, 5 साल की बच्ची की मौत
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक तेज रफ्तार BMW कार ने पूरे परिवार की खुशियां उजाड़ दी। बीती रात सेक्टर-20 थाना क्षेत्र में एक BMW कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिसमें 5 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई और 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
हादसा
ड्राइवर के नियंत्रण में नहीं थी तेज रफ्तार कार
यह घटना 26 जुलाई की देर रात नोएडा के सेक्टर 30 में PGI अस्पताल के पास हुई। बताया जा रहा है कि स्कूटी सवार गुल मोहम्मद अपनी 5 वर्षीय बेटी को एक अन्य युवक के साथ अस्पताल ले जा रहे थे। जैसे ही वे मुख्य सड़क पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार BMW कार ने उन्हें टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी और ड्राइवर ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था।
आरोपी
दोनों आरोपी छात्र, नशे में चला रहे थे वाहन
हादसे के बाद कार में सवार दोनों युवक घायलों को सड़क पर छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने कार को भी सीज कर लिया है। आरोपी युवकों की पहचान अभिषेक रावत और यश शर्मा के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र हैं। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।