उत्तर प्रदेश: बच्चे ने मोमो खाने के लिए दुकानदार को दे दिए 85 लाख के जेवर
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां मोमो के लिए 7वीं कक्षा के एक बच्चे ने एक-एक करके घर के 85 लाख रुपये की कीमत के जेवर विक्रेता को दे दिए। विक्रेता बच्चे से हर एक प्लेट मोमो के लिए 1 जेवर लेता था। इसकी भनक जब बच्चे के माता-पिता को हुई, तो उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले में 2 मोमो विक्रेता को गिरफ्तार कर लिया।
घटना
क्या है पूरा मामला?
जिले में रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत भगवानपुर तिवारी गांव में विमलेश मिश्रा रहते हैं, जो वाराणसी की एक मंदिर में पुजारी हैं। उन्होंने पुलिस को शिकायत में बताया कि उनका बेटा मोमो का शौकीन है। यही कारण है कि देवरिया-कसया मार्ग स्थित डुमरी चौराहे पर मोमो की दुकान लगाने वाले 3 युवकों ने उनके बेटे को बहला लिया। उन्होंने रोज बच्चे को एक प्लेट मोमो खिलाने का वादा किया और उसके बदले में उससे घर के जेवर मंगवाए।
खुलासा
कैसे हुआ खुलासा?
मिश्रा ने बताया कि बच्चे ने एक-एक करके अलमारी में रखे 85 लाख रुपये के जेवर विक्रेताओं को दे दिए। यह जेवर उनकी पत्नी और बहन के थे। घटना की जानकारी तब हुई, जब मिश्रा की बहन अपने जेवर लेने आईं। उन्होंने अलमारी खोला तो उसमें कोई जेवर नहीं था। उन्होंने बेटे से पूछताछ की तो उसने विक्रेताओं को जेवर देने की बात बताई। इसके बाद मिश्रा ने 3 के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। अभी एक युवक फरार है।