उत्तर प्रदेश: बुलंदशहर में भीड़ ने वायुसेना के जवान और उनके पिता को बुरी तरह पीटा
क्या है खबर?
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भारतीय वायुसेना (IAF) के एक जवान और उनके पिता को बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। घटना 19 फरवरी को जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के गांव अमरगढ़ में घटी है, जिसका वीडियो अब वायरल हुआ है। मारपीट सड़क पर भीड़ का विरोध करने पर शुरू हुई थी। पीड़ित जवान प्रथम सिंह हैं। उनके पिता जितेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान कर रही है।
घटना
क्या है पूरा मामला?
प्रथम अपने पिता के साथ खंडोई गांव में एक पारिवारिक समारोह से जहांगीराबाद के न्यू पुश्ता बाजार स्थित अपने आवास लौट रहे थे। तभी अमरगढ़-जहांगीराबाद सड़क पर आकाश शर्मा की बारात जा रही थी और नाच-गाने के साथ घुड़चढ़ी की रस्म हो रही थी। आरोप है कि सभी बाराती नशे में थे और शराब की बोतलें पकड़े सड़क के बीचों-बीच नाच रहे थे। जब उन्होंने हॉर्न बजाया, तो गाली-गलौज शुरू हो गई, जिसके बाद नौबत मारपीट तक पहुंची।
जांच
लात-घूसों और लोहे की छड़ों से पीटा
उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक जितेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि जब उन्होंने शराब पिए लोगों को सड़क से हटने को कहा, तो मामला बढ़ गया और भीड़ ने मारपीट शुरू कर दी। लोगों ने लात-घूसों, लाठी-डंडे और लोहे की छड़ों से पिता-पुत्र को सड़क पर बुरी तरह पीट दिया और उनके कपड़े फाड़ दिए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। प्रथम को गंभीर चोटे आई हैं। पुलिस ने 7 के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
ट्विटर पोस्ट
मारपीट का वीडियो
बुलंदशहर में घुड़चढ़ी के दौरान साइड मांगने पर प्रिंसिपल पिता और एयरफोर्स जवान बेटे की भीड़ ने पिटाई कर दी। ये मामला 19 फरवरी का है। वीडियो अब वायरल हो रहा है। #bulandshahr #airforce pic.twitter.com/0zB9e92yRB
— Pawan Kumar Sharma (@pawanks1997) February 23, 2026