LOADING...
उत्तर प्रदेश बजट: 14 मेडिकल कॉलेज, स्कूटी के लिए 400 करोड़; जानें बड़ी घोषणाएं
उत्तर प्रदेश सरकार ने अब तक का सबसे बड़ा बजट पेश किया है

उत्तर प्रदेश बजट: 14 मेडिकल कॉलेज, स्कूटी के लिए 400 करोड़; जानें बड़ी घोषणाएं

लेखन आबिद खान
Feb 11, 2026
01:50 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले आखिरी बजट पेश कर दिया है। 9.12 लाख करोड़ रुपये का ये राज्य का अब तक का सबसे बड़ा बजट है, जो पिछले बजट की तुलना में करीब 12 प्रतिशत ज्यादा है। बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है और बेरोजगारी की दर घटकर 2.24 प्रतिशत रह गई है।

स्कूटी

छात्राओं की स्कूटी के लिए 400 करोड़ की राशि आवंटित

सरकार ने मेधावी छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने के लिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत 400 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। इस योजना के तहत मेधावी छात्राओं को स्कूटी दी जाएगी। बेटियों की शादी के लिए 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। पहले ये राशि 51,000 रुपये थी। छात्रों को मुफ्त टैबलेट और स्मार्ट फोन के लिए 2,374 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है।

युवाओं

बजट में युवाओं के लिए क्या?

छात्रों को फ्री टैबलेट और स्मार्ट फोन के लिए 2,374 करोड़ रुपये। युवाओं को ध्यान में रखते हुए सभी 18 कमिश्नरी में स्पोर्ट्स कॉलेज बनाए जाएंगे। हर ग्राम पंचायत में ओपन जिम और मिनी स्टेडियम। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के लिए 225 करोड़ रुपये। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के लिए 1,000 करोड़ रुपये। युवाओं को कौशल विकास और रोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के लिए 40 करोड़ रुपये।

Advertisement

रोजगार

रोजगार को लेकर क्या बोली सरकार?

2017 से अब तक पुलिस विभाग में 2.19 लाख से ज्यादा पदों पर भर्ती की गई है। पुलिस विभाग में चयनित 60,244 आरक्षियों का प्रशिक्षण जारी है। मिशन रोजगार के अन्तर्गत राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में 1939 प्रवक्ता, 6,808 सहायक अध्यापक एवं 219 प्रधानाचार्यों समेत कुल 8,966 नियुक्ति की गई हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने के लिए युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

Advertisement

महिला

महिलाओं के लिए ये ऐलान

महिलाओं के लिए क्रेडिट कार्ड योजना चलाई जाएगी, ताकि उन्हें छोटे-छोटे काम के लिए किसी से ऋण न लेना पड़े और ब्याजमुक्त ऋण मिल सके। सुरक्षित शहर की अवधारणा को मूर्तरूप देने व कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा और शहरों में एक उचित निवास स्थान उपलब्ध कराये जाने के उद्देश्य से हर नगर निगमों में वर्किंग वूमन हॉस्टल का निर्माण। मुख्यमंत्री सुमंगला योजना के तहत जनवरी, 2026 तक 26.81 लाख बालिकाओं को लाभ।

बयान

मुख्यमंत्री बोले- बजट में हर तबके का ध्यान रखा गया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "बजट में हर वर्ग का ध्यान रखा गया। MSME, कौशल विकास के साथ रोजगार उत्पादक के रूप में उत्तर प्रदेश का बढ़ना तय है। हम जन विश्वास सिद्धांत के रूप में आगे बढ़ रहे। निवेशकों को सिंगल विंडो सुविधा दी जा रही है। आज उत्तर प्रदेश सुरक्षा की गारंटी दे रहा है। अन्नदाता किसान देश की अर्थव्यवस्था ओर उसके विकास की धुरी हैं। अन्नदाता केवल लाभार्थी नहीं विकास का आधार हैं।"

Advertisement