LOADING...
आगरा: कुत्ते के काटने पर बच्चे की मौत; लगी थी वैक्सीन की डोज, कहां हुई चूक? 
आगरा में कुत्ते के काटने पर 6 वर्षीय बच्चे की मौत

आगरा: कुत्ते के काटने पर बच्चे की मौत; लगी थी वैक्सीन की डोज, कहां हुई चूक? 

लेखन गजेंद्र
Feb 03, 2026
02:20 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के ताज नगरी आगरा में कुत्ते के काटने से एक 6 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। कुत्ते ने बच्चे को 9 जनवरी को काटा था और उसकी मौत 23 दिन बाद 1 फरवरी को हुई है। घटना पिनाहट क्षेत्र थाना के अतैयापुरा गांव की है। यहां रहने वाले कुमर सिंह ने बताया कि उनके बेटे अनीस उर्फ छोटू को वैक्सीन की 3 डोज भी लगाई गई थी, लेकिन फिर भी उसे बचाया नहीं जा सके।

घटना

क्या है पूरा मामला?

बच्चे के पिता ने मीडिया को बताया कि अनीस 9 जनवरी को घर के बाहर खेल रहा था, तभी एक कुत्ते ने उसके सिर पर काटकर घाव कर दिया। बच्चे को उसी दिन पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां डॉक्टर न मिलने पर निजी क्लीनिक में रैबीज से बचाने की ARV वैक्सीन लगाई। इसके बाद 12 जनवरी को दूसरी और 16 जनवरी को तीसरी डोज CHC पर लगवाई गई। हालांकि, इसके बाद बच्चे की तबीयत बिगड़ती चली गई।

इलाज

दिल्ली के सफदरजंग किया था रेफर

बच्चे को तेज बुखार आने लगा और उसके मुंह से लार टपकने लगी। वह पानी देखकर डरने लगा और बर्ताव बदल गया, जिसके बाद उसे 26 जनवरी को एक निजी चिकित्सक के पास ले जा गया। दवा खिलाने के बाद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ, तो 27 जनवरी को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया। यहां उपचार के दौरान 1 फरवरी को बच्चे ने दम तोड़ दिया।

Advertisement

जांच

वैक्सीन लगवाने के बाद भी क्यों नहीं हुआ फायदा?

आगरा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि रैबीज घातक संक्रमण है, जो मस्तिष्क और केंद्रीय तंत्रिका तंत्र असर डालता है। उन्होंने कहा कि कुत्ते ने बच्चे को सिर में काटा था, जिससे उसे रैबीज का संक्रमण तेजी से फैला होगा, ऐसे में पीड़ित को इम्यूनोग्लोबिन की डोज देनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से कुत्ते के काटने पर ARV वैक्सीन के साथ इम्यूनोग्लोबिन डोज भी देनी चाहिए, जो जिला अस्पतालों पर उपलब्ध है।

Advertisement