रूसी तेल खरीद के कारण भारत पर लगा 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ भी अमेरिका ने हटाया
क्या है खबर?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगने वाले पारस्परिक शुल्क को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है। साथ ही, रूस से तेल खरीद के कारण लगे अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ को भी हटाया है। यह पुष्टि व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने रॉयटर्स से की। अधिकारी ने बताया कि ट्रंप प्रशासन रूसी तेल खरीद पर भारतीय आयात पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क को हटा रहा है। अब भारत पर केवल 18 प्रतिशत टैरिफ है।
टैरिफ
ट्रंप ने इसका नहीं किया था जिक्र
रॉयटर्स ने अमेरिकी अधिकारी के हवाले से लिखा कि भारत द्वारा रूसी तेल खरीदना बंद करने की सहमति को देखते हुए अमेरिका 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ भी हटा रहा है। बता दें कि राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ फोन पर हुई बातचीत के बाद ट्रुथ सोशल पोस्ट में इन बदलावों की घोषणा की थी। हालांकि, उन्होंने रूस पर दबाव बनाने के लिए अगस्त में लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ हटाने का जिक्र नहीं किया था।
बयान
ट्रंप ने भारतीय टैरिफ को लेकर सोशल मीडिया पर क्या लिखा था?
ट्रंप ने ट्रुथ पर लिखा था, 'आज सुबह प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में हैं, और अपने देश के शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने व्यापार, रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध खत्म करने पर बातचीत की। वह रूसी तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका शायद, वेनेजुएला से बहुत ज़्यादा तेल खरीदने पर सहमत हुए। इससे यूक्रेन युद्ध को खत्म करने में मदद मिलेगी, जिसमें हजारों मर रहे हैं!'
टैरिफ
ट्रंप ने आगे क्या लिखा?
ट्रंप ने आगे लिखा, 'प्रधानमंत्री मोदी से दोस्ती और सम्मान के नाते और उनके अनुरोध पर, हम अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर सहमत हुए, जिसके तहत अमेरिका आपसी टैरिफ कम करके 25 प्रतिशत से 18 प्रतिशत कर देगा। वे भी अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और नॉन-टैरिफ बाधाओं को घटाकर जीरो करेंगे। प्रधानमंत्री ने 500 बिलियन डॉलर (45.5 लाख करोड़ रुपये) से ज़्यादा की अमेरिकी ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, कृषि, कोयला समेत बहुत बड़े स्तर पर 'बाय अमेरिकन' के लिए वादा किया है।'