LOADING...
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो जल्द आएंगे भारत, ट्रंप की यात्रा का बन रहा विचार
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और विदेश मंत्री मार्को रुबियो जल्द आएंगे भारत

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो जल्द आएंगे भारत, ट्रंप की यात्रा का बन रहा विचार

लेखन गजेंद्र
Feb 20, 2026
01:37 pm

क्या है खबर?

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने शुक्रवार को बताया कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो जल्द भारत आ सकते हैं। उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रेस से कहा कि रुबियो की यात्रा क्वाड के साथ-साथ अन्य पहलों का भी हिस्सा होगी। उन्होंने जोर दिया कि यात्रा का उद्देश्य न केवल अमेरिका-भारत के द्विपक्षीय हितों को आगे बढ़ाना है, बल्कि जापान और ऑस्ट्रेलिया के साथ हिंद-प्रशांत सहयोग की व्यापक रूपरेखा को भी आगे बढ़ाना है।

यात्रा

ट्रंप और मोदी की मुलाकात पर भी चल रहा काम

गोर ने यह भी कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी भारत आने का विचार कर रहे हैं और वह जल्द ही आना चाहेंगे। उन्होंने बताया, "देखते रहिए, मुझे यकीन है कि यह सही समय पर होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही राष्ट्रपति ट्रंप को भारत आने का आमंत्रण दे चुके हैं।" बता दें कि राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले साल फरवरी में प्रधानमंत्री मोदी का वाशिंगटन डीसी में स्वागत किया था।

समझौता

अमेरिका-भारत व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर जल्द- गोर

गोर ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर कहा, "हमारे राष्ट्रपति और आपके प्रधानमंत्री के बीच बहुत अच्छी दोस्ती है। दरअसल में, दोनों टीमें एक-दूसरे से बात कर रही हैं और ऐसी जगह पहुंच रही हैं, जहां दोनों हस्ताक्षर हो सकें। असलियत यह है कि हज़ारों बिंदू हैं, जिन पर हम किसी छोटे देश के साथ डील नहीं कर रहे। यह सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में एक है। और इसलिए हम बहुत खुश हैं कि अंतरिम समझौता हो गया है। हस्ताक्षर जल्द होंगे।"

Advertisement