नेपाल सीमा से पकड़ाया पूर्व अमेरिकी सैनिक 100 दिन के भीतर 5 राज्यों में घूमा
क्या है खबर?
भारत-नेपाल सीमा के पास सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने जिस अमेरिकी नागरिक जॉर्डन ब्राउन को पकड़ा था, उसकी जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पता चला है कि वो अवैध रूप से घुसने के बाद करीब 8 महीने तक भारत में रहा। इस दौरान उसने कई राज्यों की यात्रा की। आखिर में वो उत्तर प्रदेश के सोनाउली सीमा के पास से नेपाल में घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया।
यात्रा
गोवा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश गया ब्राउन
न्यूज18 के मुताबिक, ब्राउन 28 मार्च से 7 मई तक गोवा के कनाकोना में रुका रहा। फिर यहां से कर्नाटक के मैसूरु चला गया, जहां वह 14 मई से 7 जुलाई तक रहा।
इसके बाद वह 8 जुलाई को बेंगलुरु और फिर 9 जुलाई को हैदराबाद पहुंचा।
10 जुलाई को ही उसने मध्य प्रदेश के सिवनी होते हुए उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की यात्रा की। 11 जुलाई को पकड़े जाने से पहले वो सोनाउली सीमा के पास भगवानपुर में था।
शक
एजेंसियों ने ब्राउन के यात्रा पैटर्न को चिंताजनक माना
खुफिया विभाग के वरिष्ठ सूत्रों ने न्यूज18 को बताया कि ब्राउन का यात्रा कार्यक्रम असामान्य है और किसी आम विदेशी पर्यटक के मुकाबले काफी अलग है।
उन्होंने बताया कि ब्राउन ने न केवल बड़े शहरों की यात्रा की, बल्कि छोटे कस्बों में भी लगातार गया। एजेंसियों अब उसकी इन यात्राओं के पीछे के उद्देश्य की जांच कर रही हैं।
पूछताछ में भी ब्राउन ने यात्रा को लेकर अलग-अलग दावे किए हैं, जिसके बाद केंद्रीय एजेंसियां भी जांच में जुटी हैं।
मानसिक आघात
पूछताछ के दौरान असामान्य व्यवहार कर रहा ब्राउन
पूछताछ के दौरान ब्राउन का व्यवहार असामान्य था। जांचकर्ताओं का मानना है कि गंभीर युद्ध आघात या मानसिक तनाव के चलते वो ऐसा कर रहा है।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या मादक पदार्थों के सेवन से उसका व्यवहार ऐसा है।
ब्राउन ने बताया कि वह पार्टियों और नशीली दवाओं के सेवन के लिए अक्सर गोवा जाता था। इसकी भी जांच की जा रही है।
पासपोर्ट
अभी तक जासूसी या संदिग्ध गतिविधियों के संकेत नहीं- रिपोर्ट
पूछताछ के दौरान ब्राउन ने बताया कि वह पर्यटक वीजा पर थाईलैंड गया था, लेकिन कथित तौर पर उसका पासपोर्ट गुम हो गया। इसके बाद वो समुद्र के रास्ते श्रीलंका पहुंचा और फिर नवंबर 2025 में समुद्री मार्ग से भारत आया। इसके बाद से वो गोवा में रह रहा था।
सूत्रों ने इस बात पर जोर दिया कि अब तक जासूसी या भारत विरोधी गतिविधियों को साबित करने वाला कोई सबूत सामने नहीं आया है।
सेना
6 साल तक अमेरिकी सेना में रहा है ब्राउन
11 जुलाई को SSB ने सोनाउली के पास ब्राउन को नेपाल घुसने की कोशिश करते हुए पकड़ा था। उसके पास से कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला था। इस दौरान उसने भागने की भी कोशिश की थी, लेकिन ग्रामीणों और जवानों की सतर्कता से भाग नहीं पाया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 31,460 रुपये नकद और 2 मोबाइल फोन बरामद हुए थे।
ब्राउन 6 साल तक अमेरिकी नौसेना में रहा है।