नेपाल सीमा से बिना दस्तावेजों के पकड़ा गया पूर्व अमेरिकी सैनिक, पिछले साल भारत में घुसा
क्या है खबर?
भारत-नेपाल सीमा के पास सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने अमेरिका के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो बिना दस्तावेजों के नेपाल में घुसने की कोशिश कर रहा था। ये शख्स उत्तर प्रदेश के सोनाउली पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले मैनिहवा इलाके के पास पकड़ा गया। SSB ने जब शख्स ये दस्तावेज मांगे तो उसके पास पासपोर्ट या वीजा जैसा कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद शख्स को हिरासत में लिया गया है।
घटना
शख्स के पास से 31,460 रुपये नगद और 2 मोबाइल बरामद
ये घटना 11 जुलाई की है। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, नियमित गश्त के दौरान SSB की 22वीं वाहिनी के जवानों ने सीमा स्तंभ 516 के पास इस शख्स को दबोचा।
तलाशी के दौरान उसके पास से 31,460 रुपये नकद और 2 मोबाइल फोन बरामद हुए, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला।
वह बार-बार अपने बयान भी बदल रहा था। पूछताछ में उसने अपना नाम जॉर्डन ब्राउन बताया और कहा कि वह अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी है।
भागने की कोशिश
शख्स ने की भागने की कोशिश
हिरासत में लिए जाने के दौरान ब्राउन ने SSB जवान का हाथ छुड़ाकर भागने की कोशिश की। इस दौरान थोड़ी देर के लिए स्थिति तनावपूर्ण हो गई। किसी तरह SSB जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने उसे पकड़ा। फिर उसने ग्रामीणों को भी धक्का देकर भागने की कोशिश की।
आखिर में उसके एक पैर को रस्सी से बांधा गया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
परिचय
ब्राउन ने पासपोर्ट गुम होने का किया दावा
पूछताछ के दौरान ब्राउन ने बताया कि वह पर्यटक वीजा पर थाईलैंड गया था, लेकिन कथित तौर पर उसका पासपोर्ट खो गया। इसके बाद वो समुद्र के रास्ते श्रीलंका पहुंचा और फिर नवंबर 2025 में समुद्री मार्ग से भारत आया। इसके बाद से वो गोवा में रह रहा था।
उसके खिलाफ सोनौली पुलिस थाने में आव्रजन और विदेशी अधिनियम की धारा 21/23 के तहत वैध दस्तावेजों के बिना भारत में प्रवेश करने का मामला दर्ज किया गया है।
अमेरिकी सेना
सैनिक रह चुका है पकड़ा गया शख्स
पूछताछ में ब्राउन ने बताया कि भारत आने से पहले मई में वह बाली गया था।
उसने ये भी बताया कि वो कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय का छात्र रहा है और अमेरिकी नौसेना में भी लगभग 6 साल तक सेवा दी है।
उसने बताया कि 2 साल पहले ही उसने नौसेना की नौकरी छोड़ी।
8 जुलाई को वह बेंगलुरु से बस से लखनऊ फिर गोरखपुर पहुंचा। इसके बाद टैक्सी से सोनौली सीमा तक आया और वहां से नेपाल जा रहा था।