OpenAI की पूर्व CTO मीरा मुराती के स्टार्टअप ने पेश किया अपना पहला AI मॉडल
क्या है खबर?
OpenAI की पूर्व मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO) मीरा मुराती के स्टार्टअप थिंकिंग मशीन्स लैब ने अपना पहला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल 'इंकलिंग' लॉन्च किया है। कंपनी का कहना है कि यह ओपन-वेट मॉडल है, इसलिए डेवलपर और कंपनियां इसे डाउनलोड करके अपनी जरूरत के अनुसार बदल भी सकती हैं। इसे टेक्स्ट, तस्वीर, ऑडियो और वीडियो जैसे अलग-अलग प्रकार के डेटा पर तैयार किया गया है। फिलहाल यह केवल टेक्स्ट के रूप में जवाब देता है।
खासियत
तेज काम और आसान बदलाव पर दिया गया जोर
कंपनी के अनुसार, इंकलिंग को इस तरह बनाया गया है कि यह जरूरत के समय केवल जरूरी हिस्से का ही इस्तेमाल करता है।
इससे इसे चलाने में कम संसाधन लगते हैं और काम तेजी से होता है। कंपनी का कहना है कि मॉडल जवाब देते समय जहां जरूरत हो, वहां अपनी अनिश्चितता भी बताता है।
इसके अलावा, यूजर अपनी जरूरत के अनुसार इसकी काम करने की गति और सोचने का स्तर भी बदल सकते हैं।
रणनीति
दूसरी कंपनियों से अलग है कंपनी की रणनीति
थिंकिंग मशीन्स लैब का कहना है कि उसका उद्देश्य सबसे बड़ा AI मॉडल बनाना नहीं, बल्कि ऐसा मॉडल देना है, जिसे कंपनियां अपने काम के अनुसार बेहतर बना सकें।
इसके लिए कंपनी ने एक अलग प्लेटफॉर्म भी तैयार किया है, जहां संगठन मॉडल को अपनी जरूरत के मुताबिक प्रशिक्षित कर सकते हैं।
कंपनी का मानना है कि अलग-अलग संस्थानों की जरूरतें अलग होती हैं, इसलिए एक ही मॉडल सभी के लिए उपयुक्त नहीं होता।
तैयारी
आगे और मॉडल लाने की तैयारी
कंपनी का कहना है कि यह उसका पहला सार्वजनिक AI मॉडल है और आगे इससे बेहतर मॉडल भी लाए जाएंगे।
फिलहाल इंकलिंग को शुरुआती कदम माना जा रहा है। कंपनी ने यह भी बताया कि मॉडल के विकास में दूसरे ओपन मॉडल की सीमित मदद ली गई, लेकिन अगला मॉडल पूरी तरह अपने सिस्टम पर तैयार किया जाएगा।
थिंकिंग मशीन्स का लक्ष्य भविष्य में अपने AI प्लेटफॉर्म का लगातार विस्तार करना है।